मुंबई में भारी बारिश, आज दोपहर आ सकता है हाईटाइड

मुंबईः मायानगरी मुंबई में जहां गणपति उत्सव की धूम है वहीं बीती रात हुई तेज बारिश के चलते लोगों को परेशानी हो रही है, बारिश की वजह से शहर में कई जगह जलभराव की स्थिति है. मुंबई के किंग सर्किल, माटुंगा, परेल और अंधेरी में सड़क पर जलभराव हो गया है. इसके साथ की मुंबई के निचले इलाको में भी पानी भर गया है. वहीं प्रशासन ने आज समुद्र में हाईटाइड की चेतावनी दी है. ऐसा बताया जा रहा है कि आज (मंगलवार) दोपहर को 2 बजकर 41 मिनट पर 4.54 मीटर की लहरें उठ सकती है. प्रशासन ने इसके लिए अलर्ट जारी कर दिया है.

बता दें कि पिछले कई दिनों से मुंबई में बारिश नहीं हो रही थी, लेकिन बीती रात लगातार कई घंटों तक बारिश होती रही.
ज़ी मीडिया संवाददाता निलेश शुक्ला ने मंगलवार सुबह 5 बजे मुंबई के किंग सर्किल इलाके से बताया कि कैसे वहां जलभराव हो गया है. 
बता दें कि मॉनसून के शुरू होते ही मुंबई में बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने की खबरें लगातार आती रही हैं. पिछले माह ही पूरे देश से आई बाढ़ की खबरों के बीच महाराष्ट्र से भी बाढ़ के चलते जानोमाल की काफी हानि हुई थी. बारिश के चलते मुंबई में कई इमारतों के गिरने की भी खबरें आई थी. 
अगस्त महीने के शुरुआत में हुई भारी बारिश के बाद मुंबई में जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया था. भारी बारिश के कारण कई उड़ानें रद्द हो गई थीं, जबकि मुंबई आने वाले कई विमानों को पास के हवाई अड्डों पर भेजा गया था. वहीं निचले इलाकों में भी पानी भर जाने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई थी. इसलिए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी थी, क्योंकि ऐसी किसी भी परिस्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता है कि कहीं पुराने ढांचे के मकान या दीवार बारिश के चलते गिर जाएं.
 

Leave a Reply