दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ सकते हैं अश्विन

नई दिल्ली । टीम इंडिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन आगामी सत्र में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में किंग्स इलेवन पंजाब की जगह दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ सकते हैं। दिल्ली के मेंटर सौरव गांगुली ने भी कहा है कि अगर अश्विन उनकी टीम के साथ जुड़ते हैं तो बड़ा अच्छा होगा। वहीं अश्विन के पंजाब छोडऩे पर सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को कप्तानी मिल सकती है। दिल्ली टीम अश्विन को लेने इसलिए प्रयास कर रही है क्योंकि उसके पास लेग स्पिनर अमित मिश्रा के अलावा कोई अनुभवी स्पिनर नहीं है। अश्विन को साल 2018 में पंजाब ने 7.6 करोड़ रुपए में खरीदा था। अश्विन की कप्तानी में पंजाब दो साल में एक बार भी प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई। साल 2009 में आइपीएल डेब्यू करने वाले अश्विन ने इस लीग के अपने करिअर में 139 मैच खेले हैं, जिनमें उनके नाम 125 विकेट दर्ज हैं। अश्विन का औसत 26.48 का है। पंजाब के लिए आइपीएल 2019 में अश्विन ने 14 मैच में 15 विकेट लिए थे। अश्विन शुरू में चेन्नई सुपर किंग्स टीम के सदस्य थे और उन्हें धोनी की कप्तानी में खेलने का मौका मिला।
