विराट बने टेस्ट में भारत के सबसे सफल कप्तान

जमैका । टीम इंडिया ने मेजबान वेस्ट इंडीज को यहां पहले टेस्ट में 257 रनों से हराकर दो टेस्ट मैचों की सीरीज 2-0 से जीत ली है।  इसी के साथ विराट कोहली ने कप्तान के तौर पर 28वीं टेस्ट जीत दर्ज की है। इस प्रकार विराट भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन गए हैं। विराट ने पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के 27 टेस्ट जीत के रेकॉर्ड को को पीछे छोड़ा है। इस मैच में वेस्ट इंडीज को जीत के लिए  468 रनों का लक्ष्य मिला था जिसका पीछा करते हुए इंडीज टीम 210 रनों पर ही सिमट गयी। इस मैच में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 416 रन बनाने के बाद वेस्ट इंडीज को 117 रनों पर समेट दिया था। भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी चार विकेट पर 168 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। कप्तान विराट ने टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह जीत एकजुट होकर खेलने से मिली है। उन्होंने गेंदबाजों की विशेष रुप से सराहना की है। 
कोहली ने अपने 48वें टेस्ट मैच में यह जीत हासिल की। वहीं धोनी ने 60 में से 27 मैच जीते थे जबकि सौरभ गांगुली की कप्तानी में भारत को 49 में से 21 मैचों में जीत मिली थी। मोहम्मद अजहरुद्दीन ने 14 टेस्ट मैचों में जीत हासिल की थी। कोहली की अगुआई में अब तक भारत सिर्फ 10 टेस्ट हारा है जबकि धोनी की कप्तानी में टीम को 18 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। भारत के बाहर यह कोहली की 13वीं जीत थी। इस लिहाज से भी वह सबसे सफल भारतीय कप्तान हैं। उन्होंने सीरीज के पहले मैच में सौरभ गांगुली के 11 जीत के रेकॉर्ड को तोड़ा था। वहीं एकदिवसीय की बात करें तो धोनी अभी भारत के सबसे सफल भारतीय कप्तान हैं। उन्होंने 200 में से 110 मैच जीते हैं। विराट ने 80 में से 58 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीते हैं। मोहम्मद अजहरुद्दीन की कप्तानी में 90 और सौरभ गांगुली की कप्तानी में 76 में टीम को जीत मिली है। 

Leave a Reply