हत्या के मामले में पूर्व विधायक पूजा पाल पर सीबीआई ने दर्ज की FIR

प्रयागराज. संगमनगरी में ललित वर्मा की हत्या (Lalit Verma Murder Case) के मामले में पूर्व विधायक पूजा पाल (Puja Pal) के खिलाफ़ सीबीआई (CBI) ने एफआईआर दर्ज की है. हाईकोर्ट (High Court) के आदेश पर सीबीआई की स्पेशल क्राइम ब्रांच ने केस दर्ज किया है, जिसमें सात लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. 03 फरवरी 2016 की रात सिविल लाइंस में हुई ललित वर्मा की हत्या के मामले में पूर्व विधायक पूजा पाल के अलावा राजेश त्रिपाठी, संदीप यादव, पूजा पाल के भाई राहुल पाल, दिलीप पाल, मुकेश केसरवानी और पृथ्वी पाल का नाम भी शामिल किया गया है.
इस घटना के बाद दर्ज रिपोर्ट में पूजा पाल आरोपी बनाई गई थी. हालांकि जांच में पुलिस ने क्लीनचिट दे दिया था. अब सीबीआई नए सिरे से पूरे मामले की जांच करेगी. हाईकोर्ट ने 24 नवम्बर, 2017 को इस हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने का आदेश प्रदेश सरकार को दिया था. सीबीआई ने इस मामले की जांच शुरू कर दी थी. अब सीबीआई ने तीन सितंबर को इस मामले में पूजा पाल, राहुल के अलावा राजेश त्रिपाठी, संदीप यादव, दिलीप पाल, मुकेश केसरवानी, पृथ्वी पाल को भी नामजद किया है.
राजू पाल हत्याकांड के आरोपी भी तलब
इसी के साथ सीबीआई ने राजू पाल हत्याकांड के आरोपियों को पूछताछ के लिए तलब किया है. सीबीआई ने 21 सितंबर को कोर्ट में आरोपियो को तलब किया है. 25 जनवरी 2005 को बसपा विधायक रहे राजू पाल की इलाहबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसमें पूर्व सपा सांसद अतीक़ अहमद और पूर्व विधायक रहे भाई अशरफ समेत 10 अभियुक्तों को बुलाया गया है.
सीबीआई ने अतीक़ अहमद, अशरफ, रंजीत पाल, आबिद, फरहान अहमद, इसरार अहमद, जावेद, गुलफुल उर्फ रफ़ीक़ अहमद, गुलहसन और अब्दुल कवि के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है.
