PM मोदी बोले, ‘व्लादिवोस्तोक से चेन्नई के बीच जहाज चलेंगे तो दोस्ती और गहरी होगी’

नई दिल्ली : रूस के दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra modi) ने गुरुवार को ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि 130 करोड़ भारतीयों ने मुझपर भरोसा जताया है. इसके लिए मैं उनका आभारी हूं. पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि हम सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं. हम 2024 तक भारत को 5 ट्रिलियन इकोनॉमी बनाने के अभियान में भी हम जी जान से जुटे हैं.
पीएम मोदी ने कहा कि व्लादिवस्तोक यूरेशिया और पैसिफिक का संगम है. यह आर्कटिक और नॉर्दन समुद्री रूट के लिए नए अवसर खोलता है. रूस का करीब तीन चौथाई भाग एशियाई है. फार ईस्ट इस महान देश की एशियन पहचान को मजबूत करता है. इस क्षेत्र का आकार भारत से करीब दो गुना है. जिसकी आबादी सिर्फ 6 मिलियन है. पीएम मोदी ने कहा कि व्लादिवोस्तोक से भारत का रिश्ता काफी पुराना है. यहां भारत ने काफी निवेश किया है. जब व्लादिवोस्तोक से चेन्नई तक जहाज चलेंगे तो हमारी दोस्ती और गहरी होगी.
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और फार ईस्ट का रिश्ता बहुत पुराना है. भारत पहला देश है, जिसने व्लादिवोस्तोक में अपना कांसुलेट खोला है. सोवियत रूस के समय भी व्लादिवोस्तोक के जरिए बहुत सामान भारत पहुंचता था. आज इसकी भागीदारी और भी बढ़ गई है. यह दोनों देशों की सुख-समृद्धि का सहारा बन रहा है.
