आजम के समर्थन में अखिलेश करेंगे 9 सितंबर को रामपुर ‘कूच’, मुलायम ने किया था आह्वान

लखनऊ. समाजवादी पार्टी संरक्षक मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) द्वारा पिछले दिनों पार्टी के सांसद आजम खान (Azam Khan) के समर्थन में सड़क उतरने के आह्वान का असर होता दिख रहा है. माना जा रहा है कि आजम खान पर दर्ज होने वाले मामलों के खिलाफ रामपुर में सपाइयों का जमावड़ा लगेगा. दरअसल समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh yadav) ने आजम खान के मामले में कमान संभाल ली है. पार्टी की तरफ से 9 सितंबर को रामपुर कूच की तैयारी है. अखिलेश यादव खुद 9 सितंबर को रामपुर जाएंगे.
बता दें पिछले दिनों लंबे अर्से बाद सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव आजम खान के समर्थन में प्रेस कांफ्रेंस कर पार्टी कार्यकर्ताओं से इस मामले में संघर्ष करने आह्वान किया था. मुलायम ने कहा था कि आज़म खान ने बहुत मेहनत से जौहर यूनिवर्सिटी बनाई है. उन्होंने भीख मांगकर, देश-विदेश से चंदा लेकर और अपनी सारी पूंजी लगाकर बहुत अच्छी यूनिवर्सिटी बनाई है. लेकिन, महज दो बीघे जमीन के लिए उनपर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. आज़म खान पढ़े-लिखे और एक गरीब परिवार के जमीन से जुड़े हुए नेता हैं. आज उन्हें परेशान किया जा रहा है. आज़म खान को जालिम तक कहा गया.
मुलायम ने कहा था- आजम की बेइज्जती का कार्यकर्ता विरोध करें
मुलायम ने समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं और नेताओं से आज़म के समर्थन में खड़े होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि इसमें वो खुद शामिल होंगे. मुलायम ने कहा कि अब आज़म खान के मामले में पार्टी चुप नहीं बैठेगी. आज़म खान आंदोलन करें हम उनके साथ हैं. आज़म की बेइज्जती की जा रही है. कार्यकर्ता इसका विरोध करें.
9 अगस्त को भी रामपुर जिला प्रशासन को घेरने का किया था आह्वान
वैसे आजम खान के खिलाफ रामपुर जिला प्रशासन की तरफ से की जा रही कार्रवाई के खिलाफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 9 अगस्त को रामपुर में जिला प्रशासन को घेरने का आह्वान किया था. उन्होंने आसपास के सभी जिलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं को रामपुर कूच करने का फरमान जारी किया था. लेकिन रामपुर प्रशासन की मुस्तैदी के आगे सपा का ये शक्ति प्रदर्शन फ्लॉप शो साबित हुआ. जिसकी वजह खुद अखिलेश यादव की इस प्रदर्शन से दूरी को माना गया. अखिलेश ही नहीं सपा के तमाम बड़े नेता रामपुर नहीं पहुंचे और नेतृत्वहीन सपा कार्यकर्ता छिटपुट प्रदर्शन में सिमट कर रह गए.
आजम खान पर 80 मुकदमे हो चुके हैं दर्ज
इधर आजम पर कार्रवाई लगातार जारी है, अब आजम खान पर कुल 80 केस दर्ज हो चुके हैं. इनमें चोरी, जमीन कब्जाने, डकैती की तमाम धाराओं के तहत मुकदमे शामिल हैं.
