रामपुर में आजम खान के घर नोटिस चस्पा, पत्नी समेत दोनों बेटों का भी नाम

रामपुर. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के सांसद आज़म खान (Azam Khan) और उनके परिवार की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं. सोमवार को जिला प्रशासन ने आजम के विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम के घर पर नोटिस चस्पा किया है. आजम की पत्नी और राज्यसभा सदस्य ताजीन फातमा और बेटों अजीब एवं अब्दुल्ला आजम को धारा 107 और 91 के तहत नोटिस दिया गया है. इन पर किसानों की जमीन पर जबरन कब्जा करके मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी की चारदीवारी के अंदर मिलाने का आरोप है.

बिजली विभाग ने ठोका 30 लाख का जुर्माना

इससे पहले बिजली विभाग ने आजम खान की पत्नी और राज्यसभा सांसद ताजीन फातमा (Tazeen Fatma) पर बिजली चोरी के मामले में 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था. बिजली विभाग ने ताजीन फातमा पर 26 लाख 32 हजार 268 रुपए का राजस्व निर्धारण और लगभग 3 लाख 40 हज़ार का समन शुल्क बतौर जुर्माना ठोका है. इससे पहले ताजीन फातमा पर बिजली चोरी का मुकदमा शहर कोतवाली थाने में दर्ज किया गया था.
बता दें कि 80 मुकदमों का सामना कर रहे रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद आजम खान (Azam Khan) के समर्थन में समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने की तैयारी में हैं. बता दें कि सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने कुछ दिनों पहले प्रेस कांफ्रेंस कर पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं से आजम खान के समर्थन में आंदोलन करने का आह्वान किया था. इसके बाद अखिलेश ने रामपुर कूच की योजना भी बनाई, लेकिन प्रशासन ने उन्‍हें इसकी अनुमति नहीं दी.

80 मुकदमों वाले पहले सांसद बने आजम खान
इससे पहले आज़म खान, उनके करीबी पूर्व सीओ आले हसन खान सहित छह लोगों पर दो और मुकदमे दर्ज हुए. इसे मिलाकर आज़म पर अब तक कुल 80 मुकदमें दर्ज हो चुके हैं. आज़म खान देश के ऐसे पहले सांसद हैं, जिनके खिलाफ इतने ज्‍यादा मामले दर्ज हैं. बुधवार को नासिर और साजिद की शिकायत पर आजम़ के खिलाफ आईपीसी की धारा 452, 427, 448, 395, 504, 506, 323 और 120 B के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था.
 

Leave a Reply