एक फोन आया और 63 साल का बुजुर्ग बना गया करोड़पति, जानिए कैसे खुला किस्मत का ताला

एक फोन कॉल आया और 63 साल का बुजुर्ग अवतार सिंह करोड़पति बन गया। उसकी किस्मत का ताला करीब 15 साल बाद खुला। पटियाला निवासी अवतार सिंह को पंजाब राखी बंपर ने रातों-रात करोड़पति बनाया। राखी बंपर के डेढ़-डेढ़ करोड़ के पहले इनामों में से एक उनका निकला।
अवतार सिंह ने कहा कि उन्होंने इतना बड़ा इनाम जीतने के बारे में कभी सोचा भी नहीं था। उन्होंने इच्छा न होते हुए भी टिकट खरीद लिया था। क्योंकि वह कई सालों से टिकट खरीद रहे थे, लेकिन अब से पहले कभी बड़ा इनाम निकला नहीं था। अवतार सिंह ने मंगलवार को लॉटरी विभाग के अधिकारियों को अपने दस्तावेज सौंपे।
अवतार ने बताया कि उनका छोटा बेटा विदेश में पढ़ रहा है और बड़ा एमबीए करने के बाद पटियाला में ही नौकरी कर रहा है। अब वह डेढ़ करोड़ की इस राशि को अपने बेटों की जिंदगी संवारने और अन्य वित्तीय समस्याएं हल करने में प्रयोग करेंगे। अवतार सिंह ने विभाग द्वारा लॉटरी के ड्रॉ निकालने के लिए अपनाए जाने वाली पारदर्शी प्रक्रिया पर तसल्ली जताई।
पंजाब ऐसा राज्य है, जहां लॉटरी का ड्रॉ बिके टिकटों में से ही निकाला जाता है। गौरतलब है कि डेढ़ करोड़ का दूसरा इनाम जीरकपुर निवासी हरभगवान गिर का निकला है, जो मूल रूप से पटियाला जिले के गांव बहादुरपुर फकीरां के रहने वाले हैं।
