घरवालों से तंग आकर शख्स ने थाने में खाया जहर

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस द्वारा मामले की सुनवाई नहीं करने से परेशान शख्स ने थाने के अंदर ही जहर खा लिया। इसके बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, युवक आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत बेहद नाजुक है। शख्स की पहचान 37 वर्षीय शैलेंद्र यादव के रूप में हुई है। स्थानीय थाना पुलिस ने बताया ‎कि शैलेंद्र यादव ने प्रेम विवाह किया है। इसके चलते परिवार के लोग उसे पसंद नहीं करते हैं। आरोप है कि शैलेंद्र के तीन भाई अरविंद, सुनील और  दीपक उसे बेदखल कर मकान बेचना चाहते हैं और उसके तीनों भाई तथा उसका दबंग भतीजा सौरभ उर्फ करिया लगातार उसके साथ मारपीट करते थे। इसकी शिकायत करने के लिए शैलेंद्र तीन दिनों से लगातार नजीराबाद थाने का चक्कर काट रहा था। हालांकि, पुलिस ने मारपीट के आरोपित भाइयों और भतीजे को हिरासत में लिया था, लेकिन रुपए लेकर छोड़ दिया। थाने से ‎निकलने के बाद वे लोग घर पहुंचे और देर शाम एक बार फिर शैलेंद्र यादव के साथ मारपीट की। इसके बाद बच्चों के साथ घर से बाहर कर दिया। इसके बाद शैलेंद्र फिर थाने पहुंचा ले‎किन, वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई तो इसके बाद उसने जहर खा ‎लिया और पुड़िया पुलिस को थमा दी थी। उसने खुद पुलिसवालों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मी आनन-फानन में उसे हैलट अस्पताल ले गए। पीड़ित के जहर खाने के बाद नजीराबाद पुलिस नींद से जागी और आरोपितों को पकड़ने के लिए लक्ष्मीपुरवा स्थित घर में छापेमारी की, लेकिन आरोपितों का कोई सुराग नहीं मिला। थाने में युवक के जहर खाने की घटना के तीन घंटे बाद एसपी साउथ मौके पर पहुंची। उन्होंने मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।

Leave a Reply