KBC 11 को मिला पहला करोड़पति, करोड़ रुपये जीतने वाले इस शख्स ने कभी महानगर नहीं देखा

कौन बनेगा करोड़पति सीजन 11 (KBC Season 11) को पहला करोड़पति मिल गया है। इस शख्स का नाम है सनोज राज। करोड़ रुपये जीतने वाले सनोज का कहना है कि उन्होंने कभी महानगर नहीं देखा था। आगे जानें कौन हैं सनोज राज (Sanoj Raj) और कब दिखेगा केबीसी का यह शानदार एपिसोड?
केबीसी के इस एपिसोड के बारे में ट्वीट कर जानकारी साझा की गई है। एक प्रोमो भी जारी किया गया है। इसमें सनोज एक करोड़ रुपये जीतने के बाद 7 करोड़ रुपये के सवाल का जवाब सोचते नजर आ रहे हैं।
बिहार के रहने वाले सनोज 7 करोड़ रुपये के सवाल का जवाब दे पाते हैं या नहीं, इसका खुलासा अभी नहीं किया गया है। केबीसी का यह एपिसोड गुरुवार और शुक्रवार यानी 12 और 13 सितंबर 2019 की रात 9 बजे प्रसारित किया जाएगा। आगे पढ़ें कौन हैं सनोज, कहां तक की है पढ़ाई?
सनोज अपने परिवार के साथ बिहार में जहानाबाद जिले में स्थित ढोंगरा गांव में रहते हैं। उनके पिता किसान हैं। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद करीब दो साल से सनोज सहायक कमांडेंट के पद पर काम कर रहे हैं।
सनोज का कहना है कि केबीसी के लिए मुंबई जाने से पहले उन्होंने कभी कोई महानगर नहीं देखा था। न ही वो शहरी रहन-सहन को ज्यादा जानते हैं। वह सादा जीवन जीने में यकीन करते हैं। लेकिन उनके सपने बड़े जरूर हैं। सनोज ने अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) को भी बताया कि वह एक आईएएस अधिकारी बनना चाहते हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले भी कौन बनेगा करोड़पति के एक पुराने सीजन में बिहार के रहने वाले सुशील कुमार ने करोड़पति बनने का सपना पूरा किया था। उन्होंने पांच करोड़ रुपये जीते थे।

 

Leave a Reply