घरेलू टीम की सहायक पिचें बननी चाहिये : एंडरसन

लंदन । इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन के अनुसार पिच घरेलू टीम के खिलाडिय़ों के लिए और अधिक सहायक बनायी जानी चाहिये। इंग्लैंड की टीम करीब दो दशक में पहली बार एशेज सीरीज को जीतने में कामयाब नहीं हो पाई। इंग्लैंड को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर हुए चौथे मैच में 185 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी जबकि तीसरे मैच में भी मेजबान टीम का प्रदर्शन खराब रहा था। हालांकि, ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के शानदार प्रदर्शन ने इंग्लैंड को सीरीज हारने से बचा लिया। एंडरसन का मानना है कि पिचों ने इंग्लैंड की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम को ज्यादा मदद पहुंचाई। मैं पिचों पर ज्यादा घास देखना चाहता था क्योंकि यहां इसी तरह के पिच होते हैं। लंकाशायर में सारे टिकट बिक रहे हों तो आपको फ्लैट पिच बनाना पड़ता है, लेकिन एक खिलाड़ी के लिए यह बहुत दुखद है।
आमतौर पर ऑस्ट्रेलिया में हमें जो पिच देखने को मिलते हैं वो मेजबान टीम के अनुकूल होते हैं। वे यहां आए और उन्हें वैसे ही पिच मिले जैसा कि वे चाहते थे। मुझे यह सही नहीं लगता। पिछले साल भारत के खिलाफ हमें सही पिच मिले। एक देश के रूप में हमें इसका लाभ उठाना चाहिए क्योंकि जब आप ऑस्ट्रेलिया, भारत या श्रीलंका जाते हैं तो वे अपने मुताबिक पिच बनाते हैं।
