मेंढक-मेंढकी के तलाक से भी नहीं रुकी बारिश, अब मंदिरों में लोग करा रहे हैं रुद्राभिषेक

हरदा. मध्य प्रदेश के कई जिलों में कहर बनकर बरस रही बारिश (Heavy Rain) से आमजनों का जीना मुहाल है. हालत इस कदर खराब है कि प्रदेश (Madhya Pradesh News) में बारिश रोकने के लिए अब धार्मिक प्रार्थनाएं शुरू हो गई हैं. मानसून से पहले जहां मेंढक-मेंढकी की शादी करा बारिश की गुहार लगाई गई थी, वहीं अब इनका तलाक भी करा दिया गया, ताकि वर्षा थम जाए. लेकिन इंद्रदेव हैं कि मानते ही नहीं. इसलिए अब लोग भगवान भोलेनाथ की शरण में पहुंचे हैं. प्रदेश के हरदा जिले में लोग बारिश रोकने के लिए विशेष पूजा-अर्चना करा रहे हैं. हरदा (Harda News) के प्राचीन पंचपिपलेश्वर मंदिर में शनिवार को शहरवासियों ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया. लोगों ने अभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से बारिश रोकने की प्रार्थना की. इस विशेष पूजा में किसान और व्यापारी भी शामिल हुए.
बारिश से आम लोग बेहाल
लगातार बारिश की वजह से हरदा जिले के अधिकतर इलाकों में लोगों का घर से निकलना भी दुश्वार हो गया है. ऐसे में लोग एक ही प्रार्थना कर रहे हैं कि इंद्रदेव अब बस करो! भारी बारिश से जगह-जगह जलजमाव और नदियों की बाढ़ से आम लोग हलकान हैं. लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी समस्या हो रही है. यही वजह है कि हरदा जिले में परेशान लोगों ने बारिश रोकने के लिए भगवान भोलेनाथ की शरण ली. कृषि मंडी में स्थित पंच पिपलेश्वर मंदिर में लोगों ने भगवान शिव का दूध और नर्मदा जल से अभिषेक किया. इस विशेष पूजा के दौरान सभी लोग हाथ जोड़कर खड़े थे और त्राहिमाम-त्राहिमाम बोलकर भगवान इंद्र से प्रार्थना कर रहे थे कि अब वर्षा बंद करें. पूजा के इस दौरान भगवान को श्रीफल भेंट किए गए. ऐसी मान्यता है कि शिवजी को श्रीफल अर्पण करने से वे सभी कामना पूरी करते हैं.
खेती-किसानी और व्यापार प्रभावित
बारिश की वजह से पिछले कुछ दिनों से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है. शहर के युवा और सामाजिक कार्यकर्ता जितेंद्र सोनी ने कहा कि बारिश से सभी बेहाल हैं. लगातार हो रही वर्षा के कारण न तो कारोबारियों के लिए व्यापार करना संभव हो पा रहा है और न ही आम लोग घर से निकल अपना काम कर पा रहे हैं. जितेंद्र ने कहा कि भारी बारिश के कारण किसानों की खेती भी प्रभावित हो रही है. इसलिए सभी ने मिलकर बारिश रोकने के लिए मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया.
सामान्य से 10 इंच ज्यादा बारिश
हरदा जिले में लगातार हो रही बारिश से अब खेतों में खड़ी सोयाबीन और मक्के की फसल भी प्रभावित हो रही है. जिले के किसान अमृत पटेल ने कहा कि हरदा में 1 लाख 30 हजार हेक्टेयर में सोयाबीन और 12 हजार हेक्टेयर में मक्के की फसल बोयी गई है. लगातार गलन का शिकार हो रही फसल, अगर बारिश नहीं रुकी तो पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी. हरदा जिले में अब तक 64 इंच बारिश हो चुकी है जो सामान्य औसत वर्षा से 10 इंच ज्यादा है. इस अभिषेक में शामिल ग्राम भैरोपुर के किसान अमृत पटेल ने कहा कि बारिश के कारण सोयाबीन में फल नहीं आ पा रहा है. इसलिए लोग भगवान से कामना कर बारिश रुकने की प्रार्थना कर रहे हैं. इधर, मंदिर में अभिषेक करवाने वाले पुजारी शैलेश उपाध्याय ने कहा की रुद्राभिषेक करने से सभी मनोकामना पूरी होती है. आज मंदिर में शहरवासियों ने बारिश रोकने की प्रार्थना की है, भगवान जरूर लोगों की प्रार्थना पर ध्यान देंगे.
