बारिश ने फिर मचाई तबाही, कोटा बैराज के सभी 19 और माही बांध के 16 गेट खोले

जयपुर. राजस्थान (Rajasthan) में भारी बारिश (Heavy rain) ने मानसून के अंतिम दौर में एक बार फिर तबाही (Destruction) मचा दी है. दक्षिण राजस्थान और कोटा संभाग (Kota Division) के झालावाड़ में बारिश ने लोगों को फिर हिलाकर रख दिया है. पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में हो रही भारी बारिश का पानी चंबल नदी (Chambal River) के जरिए राजस्थान में आ रहा है, जिसके कारण कोटा में चंबल उफान पर है. चंबल नदी में आ रहे बेशुमार पानी के कारण शनिवार को कोटा बैराज (Kota Barrage) के सभी 19 गेट खोल दिए गए हैं. वहीं बांसवाड़ा (Banswara) में माही बांध (Mahi Dam) के 14 गेट 9-9 मीटर और 2 गेट 1-1 मीटर तक खोले गए हैं.
माही बांध के 14 गेट 9-9 मीटर तक खोले
बांसवाड़ा जिले में हो रही लगातार बारिश अब आफत बन गई है. मध्यप्रदेश से माही बांध में पानी की भारी आवक चलते जिले में अलर्ट जारी किया गया है. कलक्टर आशीष गुप्ता और एसपी केसर सिंह शेखावत लगातार अधिकारियों से संपर्क में है. भारी बारिश के चलते शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया था. लगातार पानी की आवक के चलते कुशलगढ-बांसवाडा मार्ग बंद है. माही, अनास, हिरन नदी उफान पर है. दर्जनों गांवों का संपर्क कट गया है. माही बांध के 14 गेट 9-9 मीटर और 2 गेट 1-1 मीटर खोले गए हैं.
कोटा बैराज के सभी 19 गेट खोले
मध्यप्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण शनिवार को कोटा में चंबल नदी ने अपना रौद्र रूप दिखा दिया. चंबल अब खतरे के निशान पर बह रही है. पानी की भारी आवक के कारण कोटा बैराज के शनिवार को पूरे 19 गेट खोलकर 6 लाख से ज्यादा क्यूसेक पानी की निकासी चंबल में की जा रही है. मौसम विभाग ने भी अगले 24 घंटे के लिए जिले में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. ऐसे में बाढ़ के हालात से निपटने के लिए कोटा कलक्टर मुक्तानंद अग्रवाल ने जिला आपदा प्रबंधन की आपात बैठक बुलाई है.
प्रतापगढ़ में अब तक औसत से 61% अधिक बारिश
प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते सभी जलाशय ओवरफ्लो हो चुके हैं, वहीं कुछ में तो रिसाव शुरू हो गया है. अरनोद उपखंड के चकुंडा गांव का तालाब ओवर फ्लो होकर फूट गया, जिससे चकुंडा गांव में चारों ओर पानी पानी हो गया है. जिले में अब तक 1514 एमएम बारिश हो चुकी है. यह जिले की औसत बारिश का 61% अधिक है. वहीं जिला मुख्यालय पर अब तक 2800 एमएम बारिश हो चुकी है. लगातार बारिश के चलते कई स्थानों पर सड़क संपर्क भी टूट चुका है.
झालावाड़ में कालीसिंध नदी उफान पर
झालावाड़ शहर में हुई मूसलाधार बारिश के चलते कालीसिंध नदी उफान पर है. इसका पानी झालावाड़ शहर की निचली बस्तियों में घुस गया. झालावाड़ के धनवाड़ा बस्ती के समीप नदी के तटीय इलाके में स्थित कालाखांखरा गांव टापू बन गया. सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम और पुलिस जवान नाव के द्वारा गांव में पहुंचे और वहां फंसे 5 परिवारों के करीब 15 महिलाओं और बच्चों को नाव में बिठाकर सुरक्षित स्थान पर ले कर आए.
