घर के सामने अपराधियों ने युवक को मारी गोली, ये है मामला

चंदौली. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के चंदौली (Chandauli) में एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां अपराधियों ने युवक को गोली मार (Young man shot) दी. इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. आनन-फानन में युवक को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है.
मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के खोवा मंडी का है
जानकारी के मुताबिक, मामला मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के खोवा मंडी का है. घायल युवक का नाम अंकित जायसवाल है. वह एक निजी मोबाइल कंपनी में सप्लाई का काम करता है. शनिवार की रात लगभग दस बजे वह ड्यूटी करने के बाद अपना घर पहुंचा और दरवाजा खोलवा रहा था. तभी वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें गोली उसके कंधे को पार होती हुई निकल गई. आनन-फानन में अंकित को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया. यहां पर उसका इलाज चल रहा है.
उधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
उधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के पीछे पिता ने किराए की एक दुकान के विवाद की चर्चा की है. वहीं, पुलिस कई और एंगलों से मामले की जांच कर रही है. बता दें कि हाल ही में लखीमपुर खीरी में छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने लड़की और उसके फूफा को गोली मार दी थी. इससे फूफा की मौके पर ही मौत हो गई थी. लड़की को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था. वहीं, मामले की जांच भी शुरू कर दी गई थी.
