कांग्रेस ने लिया बीजेपी मुक्त बस्तर का संकल्प, BJP ने कहा- सपना देखने में दिक्कत क्या है?

दंतेवाड़ा: केन्द्र में नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) सरकार की पहली पारी के दौरान बीजेपी (BJP) के राष्ट्रीय संगठन ने कांग्रेस (Congress) मु​क्त भारत का संकल्प लिया था. अब इसके उलट कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बस्तर (Bastar) को बीजेपी मुक्त करने का संकल्प लिया है. दंतेवाड़ा विधानसभा सीट के उपचुनाव (By-Election) के दौरान ही छत्तीसगढ़ कांग्रेस (Congress) ने बीजेपी मुक्त बस्तर का नारा देकर इस संभाग की हर सीट पर कांग्रेस का कब्जा करने की योजना बनाई है. इसके लिए कांग्रेस का आधा संगठन और आधी सरकार मैदान में उतर गई है.

छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के आदिवासी बाहुल्य बस्तर (Bastar) संभाग के 7 जिलों में विधानसभा की कुल 12 सीटें हैं. विधानसभा चुनाव 2018 में बस्तर की 12 में से 11 सीटें कांग्रेस के पाले में थीं. बीजेपी (BJP) प्रत्याशी एक मात्र दंतेवाड़ा (Dantewada) सीट पर ही जीत पाए थे. इसके बाद लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Election 2019) के पहले चरण की वोटिंग से ऐन पहले 9 अप्रैल को दंतेवाड़ा विधायक भीमा मंडावी की नक्सलियों ने हत्या कर दी. इसके बाद से ये सीट खाली है. इसके लिए ही उपचुनाव की प्रक्रिया चल रही है. यानी कि बस्तर की इस 12वीं सीट पर भी कांग्रेस को जीत का मौका है. इसके ​तहत ही योजना तैयार की जा रही है. हालांकि लोकसभा चुनाव में चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक दीपक बैज के सांसद बनने के बाद से ये सीट भी खाली है, लेकिन इसे कांग्रेस अपने कब्जे में ही मान रही है.

पीसीसी चीफ ने लिया संकल्प

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम का कहना है कि बस्तर को बीजेपी मुक्त करना है. 12 में से 11 सीट उनके पास है. यही सीट थोड़े से अंतर से रह गई थी. इस बार कोई गलती नहीं होगी. इसके लिए संभाग भर के विधायक दंतेवाड़ा उपचुनाव में चहल कदमी करते साफ देखे जा रहे हैं. बस्तर को बीजेपी मुक्त करने के लिए कांग्रेसी कोई कसर नही छोड़ना चाहते. उपचुनाव में जीत के लिए बरसात हो या संवेदनशील क्षेत्र में भी हर एक मतदाता तक नेता पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

आदिवासी बाहुल्य दंतेवाड़ा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम खुद हाट बाजारों से लेकर अंदुरनी अंचलों में पहुंचकर आम आदमी से वोट मांग रहे हैं. इस दौरान मतदाताओं को रिझाने ढोल नगाड़ों की धुन पर प्रत्यासी देवती के साथ थिरकते भी नजर आ रहे हैं. वहीं बरसते पानी में मंत्री जयसिंह अग्रवाल भी दौरे कर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांग रहे हैं.

तैयार है विधान सभा का मैप

बीजापुर से कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी का कहना है कि इस चुनाव को जीत कर क्लीन स्वीप कर देंगे. इसके लिए कांग्रेस हाई टेक तरीके से एनालिसिस कर रही है. बूथ स्तर पर विश्लेषण किया जा रहा है, जिन बूथों पर कम वोट मिले थे, उनपर नक्शे में लाल निशान लगाया गया है. लाल निशान का मतलब कमजोर बूथ है. मजबूत में हरा निशान लगाया गया है. लाल निशान को हरे में तब्दील करने के लिए कार्यालय में बड़े नेताओं का बैठकों का दौर जारी है. चुनाव का प्रभारी मंत्री कवासी लखमा को बनाया गया है.
क्य सिर्फ सपना देख रही कांग्रेस

राज्य के पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता महेश गागड़ा का कहना है कि बस्तर में क्लीन स्वीप करना कांग्रेस का सिर्फ सपना है. सपना तो देखा ही जा सकता है. इसमें दिक्कत क्या है. सत्ता में है तो शक्ति का दुर्पयोग किया जा रहा है. साड़ी बांटी जा रही है. सुरक्षा कांग्रेस को पहले मिल रही है. चुनाव आयोग सत्ता की कठपुतली की तरह काम कर रहा है. इन तमाम बाधाओं को तोड़ बीजेपी इस सीट पर विजय हासिल करेगीत्र बीजेपी प्रत्याशी ओजस्वी मंडावी को जनता का आशीर्वाद जरूर मिलेगा. 7 माह में जनता समझ चुकी है की ये सरकार क्या दे रही है. कांग्रेस सरकार मोर्चे पर फेल है. इस विधानसभा की जनता ये भी जानती है कि एक विधायक को जिताने से आठ विधायक तैयार होंगे.
 

Leave a Reply