तीन साल से बड़े पर्दे से गायब महिमा चौधरी ने मनाया अपना बर्थडे

मुंबई । फिल्म परदेस से बॉलीवुड में डेब्यू करने वाली महिमा चौधरी का नाम लोगों को एक खूबसूरत और मासूम सी लड़की याद आ जाती है। लेकिन लंबे समय से बड़े परदे से गायब चल रहीं महिमा शुक्रवार को अपना 46वां जन्मदिन मना रहीं है। साल 1990 में मिस इंडिया कॉम्पिटिशन जीतने वाली बर्थडे गर्ल महिमा को कुछ मॉडलिंग असाइनमेंट भी मिले। महिमा बतौर मॉडल पसंद की गईं, जिसके बाद उन्हें कई फिल्म से ऑफर मिले। बता दें कि महिमा ने वीडियो जॉकी के तौर पर भी काम किया है। मगर उनकी किस्मत में कुछ और ही लिखा था और यही किस्मत उन्हें ले गई फिल्ममेकर सुभाष घई के पास। उन दिनों अपनी फिल्म 'परदेस' के लिए एक नया चेहरा ढूंढ रहे सुभाष ने 3000 लड़कियों के ऑडिशन लिए, लेकिन कोई पसंद नहीं आई।जब महिमा सुभाष के सामने आईं और ऑडिशन दिया तो उन्हें परदेस की हीरोइन मिल गई। लेकिन सुभाष ने महिमा को यूं ही एक्सेप्ट नहीं किया। फिल्मी दुनिया से अलग ऋतु चौधरी के नाम से जानी जाने वाली महिमा को सुभाष घई ने ही ये नाम दिया था।इस तरह साल 1997 में परदेस फिल्म से महिमा ने डेब्यू किया और पहली ही फिल्म से उन्हें बेस्ट फीमेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। इसके बाद दाग, धड़कन, कुरुक्षेत्र, दिल है तुम्हारा, बागवान जैसी फिल्मों में महिमा नजर आईं और उनकी अदाकारी की तारीफ भी हुई। जिसके बाद 2008 में महिमा के करियर को लंबा ब्रेक लगा और वह 2016 में वह डार्क चॉकलेट के साथ लौटीं। इन आठ सालों के दौरान उनकी निजी जिंदगी में काफी उतार चढ़ाव आए। महिमा ने कुछ सालों तक टेनिस प्लेयर लिएंडर पेस को डेट किया, लेकिन बाद में लिएंडर ने महिमा को छोड़ रिया पिल्लई से शादी कर ली थी। इसके बाद महिमा की जिंदगी में बिजनेसमैन बॉबी मुखर्जी आए और साल 2006 में महिमा ने उनसे शादी की, जिससे उनकी एक बेटी भी है, लेकिन साल 2013 में उन्होंने बॉबी से तलाक ले लिया और दोनों अब अलग हो चुके हैं।
