पीएम हर बार पाक का नाम ले गुमराह नहीं कर सकते : गहलोत

जयपुर । राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कश्मीर मुद्दे पर पूरा देश एक साथ है। कोई भारतीय कश्मीर पर पाकिस्तान की बुरी नजर को बर्दाश्त नहीं कर सकता। कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गहलोत ने कहा प्रधानमंत्री मोदी हर बार पाकिस्तान का नाम लेकर जनता को गुमराह नहीं कर सकते। उन्होंने कहा इस मुद्दे पर पूरा मुल्क एक साथ है। 
जम्मू कश्मीर में धारा 370 के अधिकतर प्रावधान और 35-ए हटाए जाने के मुद्दे पर गहलोत ने कहा कि वहां के लोग 40 दिनों तक घरों में कैद रहे और मीडिया, इंटरनेट सब बंद था जो लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा आप कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन दुनिया को पता होना चाहिए कि हम लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। क्या प्रधानमंत्री मोदी की जिम्मेदारी नहीं है कि वे देश को बताएं कि कश्मीर में क्या चल रहा है। जो कार्रवाई की गई उसका क्या नतीजा निकला, देश के लिए आगे की नीतियां क्या हैं।

Leave a Reply