कैबिनेट बैठकः पंजाब में आवारा पशुओं की समस्या काबू करने के लिए होगा उप समिति का गठन

पंजाब में आवारा पशुओं की बढ़ती समस्या के हल के लिए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पाँच सदस्यीय कैबिनेट सब-कमेटी बनाने का फ़ैसला किया है। उन्होंने प्रत्येक डिप्टी कमिश्नर को समस्या के हल के लिए अतिरिक्त गौशालाएं खोलने के लिए 10-10 लाख रुपए देने का ऐलान भी किया।
मुख्यमंत्री ने कैबिनेट सब-कमेटी का प्रमुख, पशु पालन मंत्री तृप्त रजिन्दर सिंह बाजवा को बनाया है। अन्य सदस्यों में लोक निर्माण मंत्री विजय इंद्र सिंगला, स्थानीय निकाय मंत्री ब्रह्म मोहिन्द्रा, स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू और उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा हैं। कमेटी को आवारा पशुओं के कारण हो रहे हादसों में मूल्यवान मानवीय जानें जाने के मद्देनजऱ इस समस्या को हल करने के लिए सुझाव देने को कहा गया है।
जिलों में पहले से ही कार्यशील गौशालाओं की स्थिति का मूल्यांकन करते हुये मुख्यमंत्री द्वारा डिप्टी कमिश्नरों को ग़ैर-सरकारी संस्थाओं, सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं की मदद के साथ अपने-अपने जिले में एक और गौशाला बनाने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को हिदायत दी कि वह ग्रामीण विकास एवं पंचायत, स्थानीय निकाय और पशु पालन विभागों के द्वारा आवारा पशुओं को गौशालाओं में रखने का प्रबंध करें।
पंजाब में हैं करीब ढाई लाख आवारा पशु
राज्य में इस समय पर 2.5 लाख के नज़दीक आवारा पशु हैं, जिनके प्रबंध के लिए कैबिनेट सब-कमेटी संभावनाओं का पता लगाने के अलावा इस उद्देश्य के लिए सुझाए जाने वाली कार्य योजना को अमलीजामा पहनाने और निश्चित किए लक्ष्यों की प्राप्ति की निगरानी भी करेगी। कैबिनेट कमेटी ज़िला प्रशासनों को आवारा पशुओं की रोकथाम वाले इस एक्शन प्लान को सही अर्थों में लागू करने के लिए भी पाबंद करेगी ताकि समस्या का हल हो सके।
