करनालः गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में ‘टैलेंट शो’ में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, परफॉर्मेंस देख थिरके छात्र

हरियाणा के करनाल में सेक्टर 14 स्थित पंडित चिरंजीलाल शर्मा गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में सोमवार को टैलेंट शो प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें युवाओं ने हरियाणवीं-पंजाबी गीतों पर डांस की प्रस्तुति देकर अपने टैलेंट का प्रदर्शन किया। वहीं, सिंगिंग, मिमिक्री, मोनो एक्टिंग, वाद्ययंत्र वादन प्रतियोगिता में भी उत्साह से हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के बैठने और पीने के पानी को लेकर भी पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, लेकिन फिर भी गर्मी में विद्यार्थियों का जोश ठंडा नहीं पड़ा, उन्होंने प्रस्तुतियों का खूब आनंद लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रिंसिपल डॉ. रेखा शर्मा ने की। वहीं, मुख्यातिथि के रूप में जिला परिषद की सीईओ विजया मलिक ने शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा खोज कार्यक्रम विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मौका देता है और मंच पर प्रस्तुति देने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है। मंच संचालन डॉ. महेन्द्र सिंह बागी और डॉ. ममता भारद्वाज ने किया। इस अवसर पर उप प्राचार्या डॉ. राजेश रानी मौजूद रहीं। निर्णायक की भूमिका सरिता आर्य, राजेश रांझा, डॉ. प्रदीप कुमार, कंवलजीत, डॉ. अंजना रानी, डॉ. प्रिया दत्त, शीतल कुमार, सुनीता चोपड़ा, मधुलिका और डॉ. एसबी भारद्वाज ने अदा की।

नृत्य में रंजीत और गायन में दिव्या प्रथम
नृत्य प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष का रंजीत पहले, बीएससी गृह विज्ञान की अनु सिंह दूसरे, बीएससी फाइनल का शुभम तीसरे स्थान पर रहा, जबकि बीकॉम प्रथम वर्ष के अर्जुन को सांत्वना पुरस्कार मिला। गायन में बीए की दिव्या पहले, बीसीए का अश्विनी दूसरे और बीए र्का गगन तीसरे स्थान पर रहा। इसी तरह एकल अभिनय में प्रवीण पहले और अर्जुन दूसरे स्थान पर रहे। वाद्ययंत्र वादन में लवकेश पहले, अंकित दूसरे, गुरमीत तीसरे और मिमिक्री में प्रवीण कुमार पहले और अर्जुन दूसरे स्थान पर रहे।

 

Leave a Reply