हरियाणा में 21 अक्टूबर को होंगे विधानसभा चुनाव 2019, दीवाली से पहले बन जाएगी नई सरकार

हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लेकर रणभेरी बज चुकी है। सूबे में दिवाली से पहले नई सरकार बन जाएगी। प्रदेश में 21 अक्तूबर को एक ही चरण में मतदान होगा और 24 अक्तूबर को मतगणना होगी। चुनाव की घोषणा के बाद प्रदेशभर में सियासी माहौल और गरमा चुका है। करीब 1.82 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा द्वारा चुनाव की घोषणा के बाद हरियाणा के मुख्य निर्वाचन कार्यालय ने भी प्रदेश में पारदर्शी चुनाव करवाने को पूरी तरह कमर कस ली है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) अनुराग अग्रवाल, डिप्टी सीईओ डीके बाहरा व संयुक्त सीईओ इंद्रजीत सिंह ने भी शनिवार दोपहर को हरियाणा निवास प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश में चुनाव की तैयारियां की जानकारी दी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने बताया कि इस बार हरियाणा में पारदर्शी और नीतिपरक चुनाव करवाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में शनिवार से ही प्रदेश में तुरंत प्रभाव से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, पारदर्शी व सुनियोजित ढंग से लोकतंत्र में चुनाव सम्पन्न करवाना चुनाव आयोग का कर्त्तव्य है और इसी के चलते राजनीतिक पार्टियों व चुनाव आयोग के बीच हुई सहमति से आदर्श चुनाव आचार संहिता तैयार की गई है जिसकी अनुपालना चुनाव प्रक्रिया के दौरान हम सबको करनी होती है।
उन्होंने कहा कि चुनाव की घोषणा के तुरंत बाद से ही जिला प्रशासन व चुनाव प्रशासन पूर्ण रूप से मुस्तैद रहेंगे। आगामी 72 घंटे हमारे लिए महत्वपूर्ण होते हैं। 24 घंटों के अंदर-अंदर सभी सरकारी कार्यालयों से राजनीतिक पार्टियों से संबंधित फोटो, बैनर इत्यादि हटाने का कार्य किया जाएगा। उसके अगले 24 घंटों में सार्वजनिक स्थानों पर से तथा उसके बाद के 24 घंटे निजी संपतियों से ऐसी सामग्री हटवाने पर फोकस रहेगा।
4 लाख वोटर पहली बार विधानसभा में देंगे वोट
– कुल 90 सीटें, 17 एससी के लिए आरक्षित
– हरियाणा में विधानसभा चुनाव अधिसूचना 27 सितंबर को जारी की जाएगी, इसी दिन से नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू, आखिरी तारीख 4 अक्तूबर
– 5 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी और नामांकन वापिस लेने की अंतिम तिथि 7 अक्तूबर होगी।
– चुनाव परिणाम 24 अक्तूबर को घोषित किए जाएंगे
– उम्मीदवारों के लिए चुनाव खर्च सीमा 28 लाख निर्धारित की गई
– हरियाणा में कुल वोटर 18298714, पुरुष मतदाता 9833323 (103154 सर्विस वोटर), महिला मतदाता 8465152 (4332 सर्विस वोटर) व थर्ड जेंडर 239 हैं। 18 से 19 वर्ष के 3.64 लाख मतदाता
– हरियाणा में चुनाव के लिए 19442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 5511 शहरी क्षेत्र व 13,931 ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे।
– जहां मतदाताओं की संख्या 1500 से अधिक होगी वहां पर 136 अस्थाई मतदान केंद्र भी बनाए जाएंगे।
– चुनाव के लिए ईवीएम मशीनों की रेंडम चैकिंग का पहला चरण पूरा। 26,329 कंट्रोल यूनिट तथा 40,615 बैलेट यूनिट तैयार, 27,996 वीवीपीटी मशीने उपलब्ध रहेंगी।
सुरक्षा के लिए 200 कंपनियां मांगी
हरियाणा में निष्पक्षता और कड़ी सुरक्षा के बीच चुनाव संपन्न हो, इसकेलिए हरियाणा पुलिस के जवानों अलावा चुनाव प्रक्त्रिस्या के दौरान ड्यूटी के लिए केन्द्रीय गृह मंत्रालय से 200 अर्धसैनिक बलों की कंपनियां उपलब्ध करवाने की मांग की गई है। इसके अलावा आयकर विभाग द्वारा टोल फ्री नंबर 18001804815 जारी किया गया है जिस पर शिकायतें दी जा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि आयकर विभाग के अधिनियम के अनुसार 10 लाख से अधिक की नकद राशि की निकासी अगर कोई व्यक्ति अपने बैंक खाते से करता है तो उसका ब्यौरा अपने साथ रखना होगा। इसके अलावा, 50,000 से अधिक नकद अपने साथ ले जाने पर भी उसका ब्यौरा अपने साथ रखना होगा।
24 सितंबर तक बन सकेंगे वोट
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि आयेाग ने छह दिन और वोट बनाने का मौका दिया है। 24 सितंबर तक यदि कोई योग्य शख्स अपनी वोट बनवाना चाहता है तो वे फार्म छह भरकर आवेदन कर सकता है। वोट बनवाने के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एनवीएसपी डॉट इन पर भी आवेदन कर सकता है और अधिक जानकारी के लिए आयोग के टोल-फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है।
खर्च पर रहेगी पैनी नजर, तैनात होंगे ‘खर्च निगरानी आर्ब्जवर’
हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस बार प्रत्याशियों के खर्च पर पैनी नजर रहेगी। इस बार हर विधानसभा क्षेत्र में जनरल, पुलिस और पोलिंग आर्ब्जवर के साथ-साथ पहली बार खर्च निगरानी आर्ब्जवर भी तैनात रहेंगे। यह आर्ब्जवर दूसरे राज्यों से हरियाणा में तैनात किए गए विभिन्न विभागों के सीनियर अफसर होंगे।
दरअसल, इस बार विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के लिए चुनावी खर्च सीमा 28 लाख रुपये रखी गई है। प्रत्याशी अपना चुनाव इसी खर्च सीमा में पूरा करें और 30 दिन के भीतर खर्च का पूरा ब्यौरा मुख्य निर्वाचन कार्यालय में जमा करवाएं, इसकी निगरानी के लिए ‘खर्च निगरानी आर्ब्जवर’ की तैनाती की जाएगी। चुनाव पर्यवेक्षकों के सहयोग के लिए केंद्रीय आयकर, डाक, रेलवे इत्यादि विभागों से 24 नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति भी जाएगी।
सात राज्यों के सटी सीमाएं होंगी सील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हरियाणा की सीमा सात राज्यों से सटी हुई है। इसलिए सभी राज्यों के वे जिले जिनकी हद हरियाणा से सटी हुई है। उन जिलों एसपी व डीसी से तालमेल किया जा रहा है। हरियाणा व संबंधित जिलों के अफसर आपस में मीटिंग कर हरियाणा से सटी सभी राज्यों की सीमाएं एक महीने केलिए सील रहेंगी।
इन सीमाओं पर जबरदस्त नाकांबंदी की जाएगी। ताकि दूसरे राज्यों से नशा, नोट और शराब की तस्करी हरियाणा में चुनाव प्रभावित करने के इरादे से न हो सके। पुलिस पर्यवेक्षक चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई प्रकार की गतिविधियों पर निगरानी रखेंगे। इन नाकों की वहीं से मोबाइल वीडियोग्राफी तथा लाइव वैबकास्टिंग भी की जाएगी।
100 मिनट में होगा शिकायत का समाधान
आदर्श चुनाव आचार संहिता के दौरान कोई भी मंत्री चुनाव के कार्य के लिए सरकारी वाहन का प्रयोग नहीं कर सकेगा। केवल उसके निवास से आवश्यक सरकारी कार्य करने के लिए ही उसे की अनुमति होगी। सरकारी व राजनैतिक कार्य मिश्रित रूप से करने के लिए सरकारी वाहन का उपयोग नहीं किया जा सकेगा।
आयोग का ‘सी विजल’ एप कल से ही आरंभ हो गया है। कोई भी नागरिक आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लघंन से संबंधित सूचना की जानकारी आयोग के पास भेज सकता है और 100 मिनट के अंदर-अंदर संबंधित जिला उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उसका निपटान किया जाएगा।
चुनाव को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुराग अग्रवाल ने कहा कि ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि इस चुनाव को प्लास्टिक मुक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि इस बारे में भारतीय निर्वाचन आयोग से जो भी गाइडलाइंस आएगी, उसकी पालन प्रदेश में करवाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सभी दलों को अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए इस चुनाव में प्लास्टिक के झंडों, फ्लैक्स समेत प्लास्टिक निर्मित किसी भी वस्तु के इस्तेमाल से परहेज रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक मुक्त चुनाव संपन्न करवाना अपने आप में एक बड़ी मिसाल बन सकता है, जिसमें सभी दलों का भरपूर सहयोग अपेक्षित है।
पिछले चुनाव में स्थिति
भाजपा——47——33.24%
इनेलो——-19——24.73
कांग्रेस——-15—–20.61
निर्दलीय——5——11.07
हजकां——-2——4.96
शिअद——-1——24.73
बसपा——–1—–4.52
