कौन है ये लड़का जिसने मोदी और ट्रंप के सामने गाया राष्ट्रगान, अमिताभ भी कर चुके हैं तारीफ

हाउडी मोदी कार्यक्रम में उस वक्त सभी की नजरें ठहर गई हैं जब 16 साल के स्पर्श शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मौजूदगी में राष्ट्रगान गाया। भले ही स्पर्श व्हील चेयर के सहारे चल पाते हो लेकिन उनके हौसले बहुत मजबूत हैं। अमिताभ बच्चन भी स्पर्श की तारीफ कर चुके हैं।
स्पर्श शाह 'कौन बनेगा करोड़पति' के ग्रैंड फिनाले में भी अपनी परफॉर्मेंस दे चुके हैं। शो में उन्होंने अमिताभ बच्चन के ऊपर खुद का लिखा हुआ एक रैप गाया था। इसको सुनकर अमिताभ बहुत खुश हुए थे और ऑडियंस ने उनका खड़े होकर अभिवादन किया था। विरल भयानी ने इसका वीडियो भी शेयर किया है।
स्पर्श शाह एक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं जिसका नाम ऑस्टियोजिनेसिस इम्पर्फेक्टा या ब्रिटल बोन डिसीज है। इस बीमारी में हड्डियां काफी कमजोर होती हैं जो आसानी से टूट सकती हैं। इसी कारण स्पर्श व्हीलचेयर पर रहने को मजबूर है। इसके बावजूद उसने अपनी बीमारी को अपनी रचनात्मकता के बीच में नहीं आने दिया। वह एक रैपर, गायक, गीतकार और मोटीवेशनल स्पीकर है।
स्पर्श अमेरिका के न्यू जर्सी में रहते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार शाह की अब तक 130 हड्डियां टूट चुकी है। वह अगला एमिनेम (मशहूर रैपर) बनना चाहते हैं और करोड़ों लोगों के सामने परफॉर्म करना चाहते हैं। स्पर्श की जिंदगी और बीमारी से उनकी लड़ाई पर आधारित डॉक्यूमेंट्री 'ब्रिटल बोन रैपर मार्च' 2018 में रिलीज हुई है।
स्पर्श उस समय लोगों की नजर में आए थे जब उन्होंने एमिनेम के गाने 'नॉट अफ्रेड' को कवर करते हुए एक वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसे ऑनलाइन 65 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिले थे। इसपर एमिनेम के रिकॉर्ड लेबल का भी ध्यान गया था। जिसने स्पर्श के बारे में ट्वीट किया जो वायरल हो गया। वह अबतक बहुत सारे प्रेरक उपदेश दे चुके हैं, जिसने करोड़ों को इम्पॉसिबल (असंभव) को आई एम पॉसिबल (मैं सभव हूं) में बदलने की प्रेरणा दी। वह यूके टीवी के शो 'बिग शॉट्स लिटिल शॉट्स' में नजर आ चुके हैं।
