धोनी की विदायी का समय आया

पूर्व कप्तान सुनील गावसकर ने कहा है कि अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अनुभवी महेंद्र सिंह धोनी की विदायी का समय आ गया है। गावसकर ने कहा है कि भारतीय टीम को अब आगे की ओर देखना चाहिये। इसलिए प्रबंधन को अब इस विश्व विजेता कप्तान के बारे में विचार करना चाहिये। गावसकर का यह बयान बेहद अहम माना जा रहा है क्योंकि यह ऐसे समय में आया है जब धोनी के अंतरराष्ट्रीय करियर को लेकर काफी सवाल उठ रहे हैं। धोनी क्रिकेट विश्व कप 2019 के बाद से ही खेल से दूर हैं। सेना के साथ प्रशिक्षण में रहने के कारण उन्होंने वेस्ट इंडीज दौरे से नाम वापस ले लिया था जबकि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली जा रही वर्तमान टी20 सीरीज में भी वह शामिल नहीं हैं। गावसकर ने कहा, 'धोनी का समय पूरा हो गया है। मेरे पूरे सम्मान के साथ कहना चाहता हूं कि उनका समय पूरा हो गया है। ऐसे में भारत को अब आगे देखना चाहिए। धोनी के प्रति पूरा सम्मान दिखाते हुए मैं कहना चाहता हूं कि उन्हें बाहर किए जाने से पहले विदाई मिल जानी चाहिए।'
दूसरी ओर चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने कहा था कि धोनी को मालूम है कि उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को कब अलविदा कहना है। इसके साथ ही टीम प्रबंधन ने भी इस दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज का समर्थन ही किया है। विराट कोहली ने भी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज शुरू होने से पहले कहा था कि संन्यास लेने का फैसला धोनी का निजी निर्णय है। उन्होंने कहा था कि धोनी अब भी भारतीय क्रिकेट के लिए काफ महत्वपूर्ण हैं। कोहली ने हाल ही में भारत और ऑस्ट्रेलिया के विश्व टी20 मुकाबले का एक फोटो ट्वीट किया था जिसके बाद धोनी के संन्यास की अटकलों को एक बार फिर हवा मिली थी। हालांकि कोहली ने उन अटकलों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने यह यूं ही ट्वीट कर दिया था। धोनी की गैर-मौजूदगी में टीम प्रबंधन ऋषभ पंत को तैयार कर रहा है। पंत अब तीनों प्रारूपों में बतौर विकेटकीपर टीम की पहली पसंद बन चुके हैं। हालांकि उनके शॉट सिलेक्शन पर कई बार सवाल उठते रहते हैं और उन पर भी अब अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव है।
