चिन्मयानंद यौन शोषण मामला: हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत की कोशिश में छात्रा, SIT दाखिल करेगी स्टेटस रिपोर्ट

प्रयागराज. लॉ छात्रा (Law Student) से रेप (Rape) और यौन शोषण (Sexual Harassment) के मामले में स्पेशल इन्वेस्टीगेशन टीम (Special Investigation Team) सोमवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट (Allahabad High Court) में अब तक हुई जांच और कार्रवाई की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करेगी. सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने एसआईटी को 23 सितंबर तक स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था. उधर, चिन्मयानंद (Chinmyanand) से रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए पीड़ित छात्रा अपने पिता और भाई के साथ प्रयागराज पहुंची है. माना जा रहा है कि छात्रा अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) के लिए याचिका दाखिल करेगी. अग्रिम जमानत न मिलने की स्थिति में छात्रा की गिरफ़्तारी तय मानी जा रही है.

गौरतलब है कि शुक्रवार को एसआईटी ने चिन्मयानंद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. वहीं, रंगदारी मामले में छात्रा के दोस्त संजय, विक्रम और सचिन को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मामले में एसआईटी ने छात्रा को भी दोषी पाया है. लिहाजा गिरफ़्तारी से बचने के लिए छात्रा शनिवार को ही प्रयागराज रवाना हो गई थी. जस्टिस मनोज मिश्र और जस्टिस मंजूरानी चौहान की डिवीजन बेंच मामले की सुनवाई करेगी. कोर्ट में पीड़िता और उसके परिवार वाले भी अपना पक्ष रख सकते हैं. अपनी सुरक्षा और अग्रिम जमानत को लेकर अदालत से अपील कर सकते हैं. एलएलएम की एक छात्रा ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वामी चिन्मयानंद पर रेप और यौन शोषण का आरोप लगाया है. पीड़ित छात्रा ने जान का खतरा भी बताया है. साथ ही गिरफ्तारी पर रोक की मांग को लेकर याचिका भी दाखिल की है.

वकील के साथ आधी रात को प्रयागराज रवाना

जानकारी के मुताबिक, छात्रा, उसके पिता भाई घर से बाहर निकले. उनके साथ हाईकोर्ट की महिला वकील शुभांगी सिंह और अंशुल भी थे. पांचों लोग एक कार से सुरक्षाकर्मियों के साथ प्रयागराज के लिए रवाना हो गए. बताया जा रहा है कि उन्होंने इसके बारे में एसआईटी को अवगत कराने के साथ ही एंट्री रजिस्टर में भी इसका जिक्र किया है. दरअसल, सोमवार को हाईकोर्ट में एसआईटी टीम को मामले में अपनी स्टेटस रिपोर्ट पेश करनी है. ऐसे में माना जा रहा है कि हाईकोर्ट छात्रा पर कार्रवाई को लेकर कोई आदेश दे सकती है.

ब्लैकमेल करने वाले आरोपियों ने भी कबूला गुनाह

मामले की जांच कर रही एसआईटी ने पीड़ित छात्रा के दो चचेरे भाइयों और उसके एक दोस्त को भी गिरफ्तार किया है. इन तीनों पर चिन्मयानंद को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पांच करोड़ रुपये मांगने का आरोप है. एसआईटी की पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चिन्मयानंद से वीडियो के एवज में पांच करोड़ रुपये की मांग की थी.

आश्रम से किया गिरफ्तार
इससे पहले पुलिस ने चिन्मयानंद के खिलाफ दर्ज केस में रेप की धारा जोड़ी थी. शुक्रवार सुबह स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम ने चिन्मयानंद को उसके आश्रम से गिरफ्तार किया था. इसके बाद उनका मेडिकल टेस्ट कराकर एसआईटी ने उन्हें कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने चिन्मयानंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

Leave a Reply