‘एक राष्ट्र एक भाषा’ की हिमायत करके गुरदास मान की मुश्किलें बढ़ीं, कनाडा में लगे मुर्दाबाद के नारे

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया के एब्बटसफोर्ड में अपना शो करने पहुंचे लोक गायक गुरदास मान को एक राष्ट्र एक भाषा की हिमायत करने पर जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा।
लोगों ने सड़क पर उतरकर गुरदास मान मुर्दाबाद के नारे लगाए और उनके खिलाफ काफी जहर उगला। मान के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दावली का इस्तेमाल भी किया गया। गुरदास मान के शो में सात हजार टिकट की व्यवस्था थी लेकिन करीब दो हजार टिकट ही बिकी और अंदर भी कई लोगों ने मान के खिलाफ पोस्टर उठाए हुए थे।

गुरदास मान ने स्टेज संभालते ही कहा कि मैंने तो पहले ही खुद को मरजाना बोला हुआ है, मेरी मुर्दाबाद करते रहो कोई फर्क नहीं। जो पोस्टर उठाकर विरोध कर रहे हैं, उनके बारे में मान ने भी स्टेज से भद्दी शब्दावली प्रयोग की। इसके बाद उन्होंने पहला गीत गाया, इश्क दा गिद्दा पैंदा नी, मेरा इश्क दा गिद्दा पैंदा।
बता दें कि मान का एब्बटसफोर्ड में काफी बड़ा शो था और आयोजकों ने पूरी तैयारी कर रखी थी। शो से दो दिन पहले ही मान ने रेडियो में इंटरव्यू दिया कि वह एक राष्ट्र एक भाषा के हिमायती हैं। इसके बाद कनाडा के वैंकुवर में उनका बड़े पैमाने पर विरोध शुरू हो गया।

विभिन्न जत्थेबंदियों ने मान के खिलाफ सड़कों पर उतरकर नारेबाजी की और कहा कि मान ने मां बोली से गद्दारी की है। उनको मां बोली पंजाबी का बेटा कहा जाता है और इस बोली के बल पर ही वह बुलंदियों पर पहुंचे हैं। कनाडा में पंजाबी बोली के चिंतक गुरप्रीत सिंह सहोता ने बताया कि मान के विरोध का असर उनके शो पर हुआ है, महज दो हजार लोग ही उनके शो में पहुंचे जबकि व्यवस्था सात हजार की थी।

गिल के साथ रिश्ते पर भी घिरे मान
गुरदास मान और केपीएस गिल के रिश्तों को लेकर भी विरोध शुरू हो गया है। काफी समय पहले मान ने अपनी सीडी की रिलीज केपीएस गिल के हाथों से करवाई थी। इसको लेकर भी मान कनाडा के सिख समुदाय के निशाने पर आ गए हैं। मान के विरोध के दौरान केपीएस गिल और मान के रिश्तों को लेकर भी पोस्टर लोगों ने हाथों में पकड़ रखे थे। कनाडा में केपीएस गिल के खिलाफ लोगों ने नारेबाजी भी की।

 

Leave a Reply