लखनऊ में लगातार जारी भारी बारिश से 13 लोगों की मौत, 12वीं तक सभी स्कूल बंद

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ (Lucknow) और आसपास के इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है. गुरुवार सुबह से शुरू हुई बारिश (Heavy Rain) अब भी हो रही है. मौसम विभाग (Met Department) के मुताबिक यह सिलसिला शनिवार तक जारी रहेगा. मानसून सीजन (Monsoon) में गुरुवार पहला ऐसा दिन रहा, जब यहां दिन भर बारिश हुई. मूसलाधार बारिश की वजह से अवध क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में सात लोगों की जान चली गयी. महोबा में तीन, भदोही में दो और वाराणसी में भी एक व्यक्ति की जान गई है. बारिश की चेतावनी को देखते हुए लखनऊ, अमेठी, अयोध्या और उन्नाव में 12वीं तक के सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं. हालांकि नामांकन का काम जारी रहेगा.
बारिश की वजह से लखनऊ का तापमान बुधवार के 32.3 के मुकाबले गुरुवार को पारा 7.1 डिग्री लुढ़ककर 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इसे देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट कौशल राज शर्मा ने शुक्रवार को जिले में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है.
यूपी में 13 लोगों की मौत
बुधवार रात से शुरू हुई बारिश अवध क्षेत्र पर आफत बनकर बरसी है. अवध के रायबरेली में एक बच्ची समेत दो, बाराबंकी में तीन, अयोध्या में एक और अंबेडकरनगर में एक ग्रामीण की जान चली गई. उधर वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के रेवतपुर गांव में भी भारी बारिश से एक मकान गिर गया, जिसमें दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई. महोबा में एक मकान पर बरगद का पेड़ गिरने की वजह से घर में सो रहे दो बच्चों तीन समेत की मौत हो गई. भदोही में भी कच्चा मकान गिरने से पति-पत्नी की मौत हो गई और बेटी की हालत गंभीर है.
भारी बारिश के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रभावित जिलों के अधिकारियों को लेगों को तत्काल मदद उपलब्ध कराने दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा है कि अधिकारी घरों से निकलकर जहां भी जलभराव या अन्य कोई दिक्कत है वहां पहुंचकर लोगों को सहायता उपलब्ध कराएं.
