बहन से दूर रहने को कहा था, युवकों ने बेरहमी से की युवक सोनू की हत्या

जयपुर. हरमाड़ा थाना (Harmada Thana) इलाके में शनिवार रात हुई सोनू उर्फ सोहनलाल नायक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए जयपुर पुलिस (Jaipur Police) ने दो युवकों को अरेस्ट किया है. हत्या के आरोपियों को सोनू ने अपनी ममेरी बहन से नजदीकियां बढ़ाने पर चेताया था और आगे से दूर रहने की बात कही थी. इसी बात पर आरोपी युवक आसिफ और संजय ने साजिश रचते हुए उसकी हत्या कर दी. पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और मृतक का मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है.
ममेरी बहन के साथ नजदीकियां बनी हत्या की वजह
एडिशनल डीसीपी पश्चिम बजरंगसिंह शेखावत ने जानकारी दी कि मृतक सोनू की जिस दिन हत्या हुई उस दिन वह अपनी मां के साथ मामी के घर गया हुआ था. उसी दौरान आसिफ और संजय नाम के दो युवक भी वहां पहुंचे. सोनू को शक था की आसिफ का उसकी मामी की लड़की यानी ममेरी बहन के साथ गलत संबंध है. इसपर सोनू ने आसिफ को डांटा और भविष्य में ममेरी बहन से दूर रहने की बात कह कर वहां से भगा दिया.
दो युवकों ने घर में घुसकर की हत्या
पुलिस के अनुसार सोनू की ये बात पर आसिफ और संजय ने बदला लेने की ठानी. आसिफ और संजय ने सोनू की रैकी की और फिर सोनू के घर आने पर उसके घर में घुस कर उसकी हत्या कर दी. दोनों आरोपी बूंदी के रहने वाले हैं और हरमाड़ा थाना इलाके के बालाजी धर्मकांटा के पास किराए के मकान में रह रहे थे. यहीं पर किशनगढ़ रेनवाल का रहने वाला सोनू नायक भी कमरा किराए पर लेकर रहता था. इस कमरे में दोनों युवकों ने उसकी हत्या कर दी.
हत्या की साजिश और खुलासा
सोनू नायक ने अपनी मामी के घर पर जिस दिन आसिफ और संजय को खरीखोटी सुनाई थी उसी दिन दोनों ने उसके सबक सीखाने की साजिश रची. 21 सितंबर को सोनू शराब पीकर घर पहुंचा था और उसकी रैकी के बाद दोनों आरोपी दीवार फांदकर अंदर घुस गए और सोते हुए सोनू की सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी. मौत निश्चित करने के लिए उन्होंने इसके बाद चाकू से सोनू का गला भी रेत दिया. इस वारदात के बाद 22 सितंबर को सुबह सोनू नायक की हत्या के बाद मुकदमा दर्ज करते हुए पुलिस ने जांच शुरू की. पूछताछ में सामने आया कि सोनू की रैकी करने के लिए आसिफ और संजय ने उसके ममेरे भाई को फोन कर उसके बारे में पूछा था. ऐसे में पुलिस ने दोनों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की और दोनों ने अपना जुर्म कबुल लिया.
