धोनी से भावी योजनाओं पर बात करे चयनसमिति : गंभीर

नई दिल्ली । दिग्गज क्रिकेटर गौतम गंभीर ने कहा है कि चयन समिति को  पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से उनकी भविष्य की योजनाओं पर बात करनी चाहिये। धोनी विश्व कप के बाद से ही टीम से बाहर हैं। पिछले कुछ समय के अंदर उनका खेल भी पहले जैसा नहीं रहा है। टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में साल 2011 में वर्ल्ड कप दिलाने वाले धोनी को हाल में उनकी धीमी बल्लेबाजी के लिए काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी।गंभीर ने कहा, 'मेरा हमेशा से यही मानना रहा है कि संन्यास का फैसला निजी होता है।'
ऋषभ का किया बचाव 
वहीं दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में खराब फॉर्म को लेकर आलोचना झेल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का भी गंभीर ने समर्थन किया है। ऋषभ पिछले दो टी20 मैचों में केवल 23 रन बना सके। उन्होंने कहा, 'एक नए बल्लेबाज पर काफी ज्यादा बातें हो रही हैं। वह केवल 21 साल के हैं और करीब ढाई साल पहले ही टीम इंडिया में शामिल हुए हैं।' गंभीर ने कहा, 'ऋषभ के नाम टेस्ट क्रिकेट में अभी 2 शतक हैं, उनकी तुलना किसी से नहीं होनी चाहिए। टीम प्रबंधन को उन्हें सपॉर्ट करना चाहिए। वह अभी युवा हैं और काफी समय है। वहीं कप्तान विराट कोहली और कोच शास्त्री को भी उनसे बात करनी चाहिए। ऋषभ एक मैच विजेता खिलाड़ी हैं।।' वहीं रोहित शर्मा को लेकर इस पूर्व ओपनर ने कहा, 'यदि कोई खिलाड़ी एकदिवसीय विश्व कप में पांच शतक जड़ता है तो उसे टेस्ट क्रिकेट में भी अवसर देना चाहिए। उनके  जैसे खिलाड़ी का बेंच पर बैठना सही नहीं लगता है।' 

Leave a Reply