पंजाब में ड्रोन से हथियार गिराने और 4 आतंकियों की गिरफ्तारी के मामले में चौंकाने वाले खुलासे,

पंजाब में ड्रोन से हथियार गिराने और चार आतंकियों की गिरफ्तारी के मामले में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं, जिन्हें जानकर सभी हैरान हैं। पता चला है कि पाकिस्तान में शरण लिए खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के सरगना रंजीत सिंह नीटा ने पाकिस्तान की कुख्यात खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देश पर आतंकवादी आकाशदीप सिंह को हथियारों से भरे ड्रोन की निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी थी।
आकाशदीप बरामद किए गए सैटेलाइट फोन से पाकिस्तान में बैठे नीटा के साथ संपर्क में रहता था। सीमावर्ती गांव महावा के एक खेत में खड़े एक बरगद के पेड़ के नीचे से मिला ड्रोन हथियार फेंकने के बाद क्रैश हो गया था। झब्बाल में बरामद अधजला ड्रोन हथियारों की सप्लाई के बाद क्रैश हो गया था। आकाशदीप ने इस ड्रोन को जला दिया था।
महावा से बरामद ड्रोन को आकाशदीप जलाने में असफल रहा था। बरामद किया गया ड्रोन पांच फुट लंबा है और पांच किलो भार उठा सकता है। पाकिस्तान से हथियार लेकर आए चार ड्रोन में से पुलिस ने दो ड्रोन बरामद कर लिए हैं। शेष ड्रोन कहां हैं, इस बारे में गिरफ्तार चारों आतंकियों से पूछताछ जारी है।
पाकिस्तान सीमा से सटे होने के कारण गांवों में ड्रोन का आना आसान
स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल के डीएसपी ने इस ड्रोन की बरामदगी की पुष्टि करते हुए कहा कि इन आतंकवादियों ने सीमावर्ती गांवों को इसलिए चुना क्योंकि पाकिस्तान सीमा के साथ सटे होने के कारण इन गांवों में ड्रोन का आना आसान था। पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों और जवानों ने ड्रोन की बरामदगी स्थल को घेर लिया। फिर उसकी तलाशी ली। पुलिस को यह भी शक है कि कहीं इस स्थान के आसपास इन आतंकियों ने हथियारों की कोई दूसरी खेप न छिपाई हो।
डीएसपी के अनुसार झब्बाल से पुलिस ने ड्रोन के कुछ पार्ट बरामद किए हैं जिसमें ड्रोन की बैटरियां भी शामिल हैं। महावा के जिस खेत में ड्रोन बरामद हुआ है, वहीं वह क्रेश होकर गिरा था। जिस स्थान से ड्रोन बरामद किया गया है, उससे थोड़ी दूर बीएसएफ की पोस्ट है। आकाशदीप और उसके साथ आतंकवादियों ने पाकिस्तान से हथियारों के साथ आने वाले ड्रोन को उतारने व हथियार निकालने के लिए सीमावर्ती गांवों की रेकी की थी। जिस स्थान में यह ड्रोन क्रैश हुआ है, उस खेत में कई फुट ऊंचे सरकंडे भी हैं।
चूंकि आकाशदीप नागकलां गांव का रहने वाला है, वह इस इलाके का जानकार था। महावा के कई नौजवानों के साथ उसकी दोस्ती भी है। डीएसपी ने बताया कि इस गांव के नौजवानों के साथ आकाशदीप के लिंक खंगाले जा रहे हैं। इनमें से कुछ नौजवानों को अरेस्ट भी किया गया है। डीएसपी के अनुसार इस मामले की जांच के लिए कोई भी केंद्रीय एजेंसी नहीं पहुंची है। इस मामले की जांच पंजाब पुलिस ही कर रही है।
