बसपा नेता मुनकाद अली के भाई पर इनाम की तैयारी, साजिद की तलाश में दबिश, नहीं चढ़ा हत्थे

बसपा नेता मुनकाद अली के भाई साजिद पर इनाम घोषित करने की तैयारी कर ली गई है। किठौर थाना पुलिस ने इनाम जारी करने के लिए एसएसपी को संस्तुति भेजी है। वहीं, आरोपी साजिद की तलाश में पुलिस ने दिखावे की दबिश दी। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
किठौर क्षेत्र के शाहजहांपुर में बसपा प्रदेशाध्यक्ष मुनकाद अली के भाई साजिद अली उर्फ टिड्डा उर्फ जग्गा के फार्म हाउस के पास तालाब में मछली पकड़ने गए गांव के यासीन को पांच दिन पहले गोली लगी थी। 

यामीन ने चार दिन पहले बसपा नेता मुनकाद अली के भाई साजिद पर फार्म हाउस के पास गोली मारने का आरोप लगाया था। इसका एक वीडियो पुलिस को मिला था। हालांकि यामीन के परिजनों ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

मंगलवार देर रात करीब 2:30 बजे इंस्पेक्टर किठौर रोजंत त्यागी ने पुलिस फोर्स के साथ साजिद के घर पर दबिश दी। जहां पर महिलाओं से भी पूछताछ की गई। मकान की तलाश ली और फिर परिवार को चेतावनी देकर पुलिस वापस लौट गई।
इससे पहले एसपी सिटी, सीओ किठौर, सीओ कोतवाली समेत कई थानों का पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीम ने पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी और उनके बेटे इमरान की तलाश में दबिश दी थी। लेकिन वह भी नहीं मिले। याकूब और उनके बेटे पर धोखाधड़ी और जानलेवा हमले की धाराओं का केस दर्ज है।

सीओ किठौर आलोक सिंह का कहना है कि बयान के आधार पर साजिद का नाम खोला है। बृहस्पतिवार को भी साजिद की तलाश में दबिश दी गई। लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा। पुलिस जल्द ही आरोपी साजिद का गिरफ्तारी वारंट भी लेगी।

Leave a Reply