जेल में भी देश की चिंता कर रहे हैं देशभक्त पी. चिदंबरम: अशोक गहलोत

नई दिल्ली. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने आईएनएक्स मीडिया मामले (INX Media case) में गिरफ्तार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम (P. Chidambaram) से तिहाड़ जेल में मुलाकात की. मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि यह मामला राजनीतिक प्रतिशोध की सबसे बड़ी मिसाल है. सीएम अशोक गहलोत ने कहा, ‘आज भी उनको इस देश की चिंता है. हम बात कर रहे थे कि मंदी का दौर चल रहा है उसमें क्या हालात होंगे, निर्यात कम हो गया है, कृषि और उद्योगों के बुरे हालात हैं, और किसानों का क्या होगा? वह आज भी जेल में बैठे-बैठे इन विषयों पर चिंता कर रहे हैं. आप सोच सकते हैं कि जो देशभक्त होगा, वही चिंता करेगा कि देश के भविष्य का क्या होगा.’

45 साल की सेवा करने के बाद उन्हें मिला है यह इनाम
चिदंबरम से गहलोत की मुलाकात के दौरान पूर्व वित्त मंत्री के पुत्र एवं सांसद कार्ति भी उनके साथ थे. करीब आधे घंटे की मुलाकात के बाद राजस्थान के मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैं उम्मीद करता हूं कि जल्दी ही चिदंबरम जी की जमानत होगी.’ उन्होंने कहा, ‘45 साल की सेवा करने के बाद उन्हें यह इनाम मिला है. बिना कोई मुकदमे, बिना किसी मामले के, बिना किसी आरोप के उन्हें जेल में डाल दिया गया. जो (इंद्राणी मुखर्जी) अपनी बेटी की हत्या के मामले में जेल में बंद है, उसकी गवाही को आधार बनाकर चिदंबरम जी को जेल में बंद कर दिया गया. आप सोच सकते हो कि इस देश में किस प्रकार लोकतंत्र की हत्या की जा रही है.’

चिदंबरम का जेल में रहना राजनीतिक बदले की भावना का सबसे बड़ा नमूना है

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, ‘देश के इतिहास में राजनीतिक बदले की भावना का सबसे बड़ा नमूना कोई है तो वह आज यह चिदंबरम जी का जेल में रहना है. कोई हत्या नहीं की है, कोई जुर्म नहीं किया है, बताइए कोई केस नहीं है और आपने उनको बंद कर रखा है.’ गहलोत ने कहा, पूरा मुल्क यह देख रहा है और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे. इन्होंने नतीजे भुगतना शुरू भी कर दिया है. दो राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों की ओर संकेत करते हुए उन्होंने कहा कि अभी हरियाणा और महाराष्ट्र के अंदर ये देखने को मिला है.

Leave a Reply