बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान से सीधी टक्कर लेंगे सूरज पंचोली

मुंबई । सलमान खान के प्रॉडक्शन की फिल्म 'हीरो' से साल 2015 में बॉलीवुड डेब्यू करने वाले सूरज पंचोली अब अपनी दूसरी फिल्म के साथ तैयार हैं। उनकी दूसरी फिल्म 'सैटलाइट शंकर' 8 नवंबर को रिलीज होने जा रही है, जो बॉक्स ऑफिस पर आयुष्मान से सीधी टक्कर लेगी। दरअसल, इससे एक दिन पहले यानी 7 नवंबर को आयुष्मान खुराना स्टारर 'बाला' रिलीज होगी। ऐसे में जब इसी को लेकर सूरज से पूछा गया कि क्या वह टेंशन में हैं? इस पर वह बोले, 'कॉम्पिटिशन हेल्दी होता है। मैं न तो शाहरुख, आमिर या सलमान खान हूं और न ही अक्षय कुमार कि मुझे अपने मनमुताबिक रिलीज डेट मिल जाएगी। हालांकि मैं उम्मीद करता हूं कि भविष्य में मुझे वही रिलीज डेट मिल जाए जो मैं चाहूं। रही बात क्लैश की, तो अगर 'बाला' नहीं होती तो कोई बड़ी हॉलीवुड रिलीज ही होती। आयुष्मान भी एक बड़े स्टार हैं और उनकी फिल्म 'बाला' भी अच्छी लग रही है।'
पहले आ रही खबर के अनुसार 'सैटलाइट शंकर' की रिलीज डेट में बदलाव कर 15 नवंबर को रिलीज की जाएंगी। लेकिन फिल्म के ऑफिशल ट्विटर हैंडल और सूरज पंचोली के एक पोस्ट के अनुसार, यह 8 नवंबर को ही रिलीज हो रही है। बता दें कि सूरज पंचोली की डेब्यू फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद पंचोली ने अगली फिल्म के लिए कुछ वक्त का ब्रेक लिया। अब वह एक बार फिर फुल फॉर्म में हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि 'सैटलाइट शंकर' लोगों को पसंद आए। इस फिल्म के अलावा वह 'टाइम टू डांस' में नजर आएंगे, जिसे भूषण कुमार और रेमो डिसूजा मिलकर प्रड्यूस कर रहे हैं। जबकि इसे स्टेनली डिकोस्टा डायरेक्ट करेंगे। फिल्म में कटरीना कैफ की बहन इसाबेल कैफ और वलूशा डिसूजा भी नजर आएंगी। यह इस साल 29 नवंबर को रिलीज होगी।
 

Leave a Reply