अलवर: बिजली चोरी पकड़ने गई विजिलेंस टीमों पर ग्रामीणों का हमला, जान बचाकर भागे अधिकारी-कर्मचारी

अलवर. जिले में राजगढ़ (Rajgarh) क्षेत्र में विद्युत चोरी (Elsectricity theft) पकड़ने गए विद्युत वितरण निगम (Power distribution corporation) के दो सतर्कता दलों (Vigilance teams) पर ग्रामीणों ने हमला (Attack) कर अभियंता सहित कई कर्मचारियों को घायल (Injured) कर दिया. इसके अलावा फीडर इंचार्ज संजय शर्मा को एक कमरे में बंधक बना लिया. बाद में उसके साथ भी मारपीट कर कपड़े फाड़ दिए. दोनों स्थानों पर पुलिस (Police) ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों-कर्मचारियों को ग्रामीणों से बचाया (Saved from villagers). प्रकरणों में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं.
कार्रवाई करने पर गुस्साए ग्रामीण
पुलिस के अनुसार एक मामला फीडर इंचार्ज संजय शर्मा ने मामला दर्ज कराया है. वे शनिवार को सहायक अभियंता नवीन कुमार गुप्ता और नौगांवा के कनिष्ठ अभियंता हेमंत कुमार वर्मा तथा अन्य कर्मचारियों के साथ राजगढ़ क्षेत्र में विद्युत चोरी की जांच करने गए थे. सिंघल का बास गांव के रणवीर नगर में राधाकृष्ण मीणा के परिसर के पास वे विद्युत चोरी की जांच कर रहे थे. उन्होंने मौके पर फोटो लिए और चोरी में उपयोग की गई केबल जब्त कर ली.
अभियंता को पकड़कर महिला के साथ जबर्दस्ती वीडियो बनाया
उसी दौरान हरकेश मीना और दिलीप यादव अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाड़ी के पास आए और निगम के वाहन की चाबी छीनकर घर ले गए. उसके बाद लाठी-डंडों से सहायक अभियंता नवीन कुमार गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता हेमंत कुमार वर्मा, फीडर इंचार्ज रोहिताश चौधरी, मीटर रीडर घनश्याम सैनी और संजय शर्मा के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी. सहायक अभियंता को पकड़कर महिला के साथ जबर्दस्ती वीडियो बनाया.
जान बचाकर बिना गाड़ी के पैदल भागे अधिकारी-कर्मचारी
झगड़ा ज्यादा होता देखकर सभी कर्मचारी मौके से जान बचाकर बिना गाड़ी के पैदल भाग गए. इसके बाद हरकेश, सीताराम, लल्लू और अन्य व्यक्ति संजय शर्मा को पकड़कर अपने घर ले गए और उसे एक कमरे में बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया. उन्होंने उसके कपड़े फाड़कर उसका जबर्दस्ती वीडियो बनाया. बाद दुष्कर्म व जातिसूचक शब्द कहने का झूठा केस दर्ज करवाने की धमकी दी. उसका मोबाइल तोड़ दिया. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे मुक्त करवाकर राजगढ़ लेकर आई.
दौलतपुरा में भी सतर्कता दल पर किया हमला
वहीं राजगढ़ के जेवीवीएनएल के कनिष्ठ अभियंता आतुर गौड़ ने अलग मामला दर्ज कराया है. गौड़ शनिवार को सुबह अधिशासी अभियंता राजगढ़ केसी वर्मा तथा सहायक अभियंता दीपक शर्मा टीम के साथ दौलतपुरा में बिजली चोरी कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे थे. इस दौरान ग्रामीण अभद्र व्यवहार करने लगे. सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता ने समझाइश करने का प्रयास किया.
कुल्हाड़ी से वार कर फोड़ा सिर
इसी बीच भग्गू सिंह ने धारदार कुल्हाड़ी से कनिष्ठ अभियंता आतुर गौड़ पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया. इसके बाद सोनू ने कनिष्ठ अभियंता गौड़ के सिर पर डंडे से वार किया, जिससे वो बेहोश होकर गिर गए. उन्हें बचाने के लिए आए तकनीकी सहायक हेमसिंह व महेंद्र सैनी को भी डंडों से मारा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस जाब्ता दौलतपुरा पहुंचा और ग्रामीणों के चंगुल से उन्हें छुड़वाया.
