लखनऊ: इंस्पेक्टर की हत्या करने आया इनामी शूटर सचिन पांडे पुलिस एनकाउंटर में ढेर

लखनऊ. राजधानी लखनऊ (Lucknow) के विभूति खंड इलाके में रविवार दोपहर हुई मुठभेड़ (Encounter) में एक लाख के इनामी बदमाश सचिन पांडे (Criminal Sachin Pandey) को एसटीएफ (STF) ने मार गिराया. बताया जा रहा है कि आजमगढ़ (Azamgarh) का इनामी बदमाश पिछले दो-तीन दिन से एक इंस्पेक्टर की हत्या के लिए राजधानी में डेरा जमाए हुए था. बता दें सचिन पांडे ने 2013 में आईपीएस शैलेश पांडे के गनर रजनीश चौहान को भी गोली मारी थी. इतना ही नहीं वह आजमगढ़ के एक प्रधान की हत्या की भी प्लानिंग कर रहा था. बीते दिनों कप्तानगंज में फायरिंग कर लूट की वारदात को भी उसने अंजाम दिया था.

पुलिस ने बताया कि सचिन रविवार दोपहर विभूति खंड इलाके में एमिटी स्कूल के पास ठेले पर चाय पी रहा था. एसटीएफ ने घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. करीब 15 मिनट के एनकाउंटर में सचिन को मार गिराया गया. सचिन पांडे आजमगढ़ के निजामाबाद कस्बे का रहने वाला था. उसके खिलाफ रंगदारी, हत्या, लूट सहित 24 से ज्यादा मुकदमे दर्ज थे.
एक ग्राम प्रधान और इंस्पेक्टर की हत्या की ली थी सुपारी

एसटीएफ सूत्रों के मुताबिक सचिन पांडेय ने कुछ दिन पहले ही दो लोगों की हत्या की सुपारी ली थी. आजमगढ़ के एक ग्राम प्रधान और लखनऊ में तैनात एक इंस्पेक्टर की हत्या का कॉन्ट्रेक्ट लिया था. इंस्पेक्टर की हत्या के लिए ही उसने पिछले दो-तीन दिन से विभूतिखंड में डेरा डाले था. एसटीएफ पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सचिन पीजी में रुका था या किसी परिचित के पास. सचिन के पास से मिले मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है. एसटीएफ को मोबाइल से कई अहम जानकारियां मिलने की उम्मीद है.
 

Leave a Reply