आरएलपी नहीं लड़ेगी निकाय चुनाव पर हनुमान बेनीवाल करेंगे ये काम ….

नागौर. निकाय चुनाव में बीजेपी (BJP) व आरएलपी (RLP) के गठबंधन को लेकर चल रही पशोपेश की स्थिति अब खत्म हो गई है. आरएलपी संयोजक बेनीवाल (RLP Convenor Hanuman Beniwal) ने साफ कर दिया है कि उनकी पार्टी निकाय चुनाव (Municipal elections) नहीं लड़ेगी. साथ ही यह भी कहा है कि अच्छे प्रत्याशी को समर्थन देने पर पार्टी विचार करेगी. इतना ही नहीं कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर उसे पार्टी का सिंबल देने पर भी निर्णय लिया जा सकता है. आरएलपी के निकाय चुनाव से किनारा करने से अब राजनीतिक स्थिति भी साफ हो गई है. जब आरएलपी मैदान में ही नहीं रहेगी तो गठबंधन को लेकर जो बातें कही जा रही थीं वे सारी हवा-हवाई हो गई हैं.

अच्छे प्रत्याशी को समर्थन देने पर पार्टी करेगी विचार

निकाय चुनाव को लेकर रालोपा के राष्ट्रीय संयोजक व नागौर से सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि होने जा रहे निकाय चुनाव में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) चुनाव नहीं लड़ेगी. बेनीवाल ने प्रेस बयान में यह भी कहा कि अगर कोई प्रत्याशी अच्छा होगा तो पार्टी कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद उसको समर्थन देने पर विचार करेगी.

कार्यकर्ताओं से रायशुमारी कर दिया जा सकता है RLP सिंबल भी 

अगर कोई पार्टी के सिंबल पर चुनाव लड़ना चाहता है तो प्रत्याशी की पार्टी के प्रति भावना व स्थानीय कार्यकर्ताओं से रायशुमारी के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा. सांसद बेनीवाल ने कहा पार्टी का यह निर्णय केवल वर्तमान में हो रहे निकाय चुनावों तक सीमित रहेगा.

कुल मिलाकर बेनीवाल ने निकाय चुनाव से किनारा तो कर लिया लेकिन यह भी संभावना बनी हुई है कि जहां तीर निशाने पर लगेगा वहां बेनीवाल कार्यकर्ताओं की पसंद व व्यक्तिगत व अच्छे प्रत्याशी के बहाने अपना राजनीतिक तीर चलाने से भी नहीं चुकेंगे. बेनीवाल ने प्रेस बयानो में अच्छे प्रत्याशी को कार्यकर्ताओं की राय से समर्थन देने का इशारा भी किया है यानी बेनीवाल जहां मजबूत हैं, वहां निकाय चुनाव में अपना प्रभाव दिखा सकते हैं.
 

Leave a Reply