स्नेह मिलन कार्यक्रम में हुआ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का नागरिक अभिनंदन

जयपुर. दीपावली के अवसर पर शनिवार की शाम राजधानी के एक होटल में स्नेह मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस मिलन कार्यक्रम में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया का नागरिक अभिनंदन भी हुआ. इस आयोजन में सांसद दीया कुमारी, रामचरण बोहरा, संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर, महामंत्री भजन लाल शर्मा समेत भाजपा के कई पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली हस्तियां शामिल हुईं. इस समारोह के दौरान लोगों ने टोपी, फूल माला और शॉल ओढ़ाकर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष सतीश पूनिया का अभिनंदन किया.
इस दौरान पूनिया ने कहा कि मित्र, गुरु और माता-पिता से ही व्यक्तित्व पूरा होता है. मित्र न हो तो जीवन अधूरा है. इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत की ताकत है और इसी ताकत से राजस्थान को विकास के पथ पर आगे ले जाना है.
