रोडवेज बसों के सफर पर नहीं लगेगा ब्रेक, नहीं कम की जा रही दूरी: मंत्री

जयपुर. परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास (Transport Minister Pratap Singh Khachariwas) ने साफ कर दिया है कि जनता के सफर में किसी तरह का ब्रेक नहीं लगने दिया जाएगा. घाटे के बावजूद राजस्थान रोडवेज की बसों (Rajasthan Roadways Buses) का सफर 16 लाख किलोमीटर से कम नहीं होने दिया जाएगा. 16 लाख किलोमीटर से दूरी घटाकर 14 लाख किलोमीटर नहीं की जा रही है. परिवहन मंत्री ने कहा कि जहां भी बस सेवाएं रोकी गई हैं, फिर से शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं. गलतफहमी की वजह से इस तरह की अफवाहें फैला दी गई हैं. रोडवेज प्रबंधन ने दूरी घटाने का कोई आदेश जारी नहीं किया.
अफवाह के पीछे संविदा पर चालक-परिचालक मुहैया करने कराने वाली निजी कंपनी
अधिकारियों की मिस अंडरस्टैडिंग की वजह से दूरी कम करने की अफवाह फैली है. इसके पीछे संविदा पर चालक-परिचालक मुहैया करने कराने वाली एक निजी कंपनी की भूमिका रही है. परिवहन मंत्री ने स्पष्ट कर दिया कि इस निजी कंपनी से अब किसी भी प्रकार की सेवाएं नहीं ली जाएंगी.
रोडवेज बेड़े में जल्द ही 1150 नई बसें शामिल करेगी सरकार
परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावस ने सचिवालय में विभागीय अधिकारियों के साथ अहम बैठक की. उन्होंने इस बारे में अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है. बैठक के बाद मंत्री ने कहा कि सरकार रोडवेज बेड़े में जल्द ही 1150 नई बसें शामिल करेगी. उन्होंन पिछली सरकार पर रोडवेज को घाटे में पहुंचाने का आरोप भी लगाया.
