प्रदूषण पर BJP नेता का बेतुका बयान, कहा- पाकिस्तान-चीन ने छोड़ी ज़हरीली हवा

मेरठ. दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) समेत उत्तर भारत (North India) के ज्यादातर हिस्से के वातावरण (Environment) में प्रदूषण (Pollution) का ज़हर घुला है. इससे लोगों का सांस लेना दूभर हो गया है. लेकिन इस दमघोंटू प्रदूषण पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता विनीत अग्रवाल शारदा (Vineet Aggarwal Sharda) ने अजीबोगरीब बयान दिया है. न्यूज़ एजेंसी एएनआई के अनुसार उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी और उसके आसपास के क्षेत्रों में जो जहरीली हवा (प्रदूषण) या गैस आई है उसके पीछे किसी पड़ोसी मुल्क की साजिश हो सकती है. उन्होंने जोर देते हुए कहा कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान (Pakistan) और चीन (China) हमसे घबराए हुए हैं. ऐसे में हो सकता है कि उन्होंने ही ये जहरीली हवा हमारे देश के अंदर छोड़ दी हो.
इससे पहले मंगलवार को बीजेपी के एक विधायक ने प्रदूषण संकट के समाधान के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखा था. गाजियाबाद के लोनी से विधायक नंद किशोर गुर्जर ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा था कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण को कम करने के लिए एयरफोर्स के विमान से पानी का छिड़काव कराया जाए. साथ ही उन्होंने जहरीली हवा से राहत के लिए कृत्रिम बारिश कराने का भी अनुरोध किया था.
वसुंधरा में एक्यूआई 392 दर्ज किया गया था
बता दें कि प्रदूषण और स्मॉग की वजह से दिल्ली और आस-पास के इलाके में आसमान में धुंध की चादर चढ़ी है. दिवाली के बाद से ही दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण का कहर जारी है. यूपी का गाजियाबाद देश का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर बन गया है. जबकि नोएडा भी सबसे ज्यादा पॉलूटेड शहरों की लिस्ट में टॉप फाइव में शामिल है. मंगलवार सुबह गाजियाबाद के वसुंधरा में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 392 दर्ज किया गया था, जबकि नोएडा के सेक्टर 62 क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक 394 था. वहीं, सेंट्रल पोलूनश कंट्रोल बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम (गुड़गांव) के एनआईएसई ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 396 रिकॉर्ड किया गया था.
