हाथियों के ‘आतंक’ ने बांधवगढ़ पर्यटन पर लगाई रोक, प्रशासन ने उठाया ये कदम

उमरिया. मध्य प्रदेश के उमरिया जिले (Umaria District) के टाइगर रिजर्व बांधवगढ़ (Tiger Reserve Bandhavgarh) और उसके आसपास पिछले एक साल से डेरा जमाए हाथियों (Elephants) ने एक बार फिर दस्तक देकर पर्यटन जोन को प्रभावित किया है. तकरीबन 38 छोटे बड़े हाथियों का झुंड इन दिनों पार्क के मगधी, खितौली और धमोखर रेंज (Dhamokhar Range) के जंगलों में घूम रहा है. इस वजह से पार्क प्रबंधन ने एहतियातन मगधी और खितौली गेट बंद कर दिए हैं. जबकि पर्यटकों को घूमने के लिए दूसरे इलाके में भेजा गया. यही नहीं, हाथियों की वजह से यातायात पर भी असर पड़ रहा है.
पिछली बार भी किया था हंगामा
हाथियों के झुंड की दस्तक से कई बार बांधवगढ़ जाने वाले मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा और लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है. गौरतलब है कि पिछले साल भी हाथियों की दस्तक के साथ कई दिनों तक पर्यटन को रोकना पड़ा था और देश विदेश से आने वाले सैलानियों को पसंदीदा सफारी से वंचित होना पड़ा था.
प्रबंधन के छूटे पसीने
जंगली हाथियों का झुंड लगातार आसपास के जंगलों में घूम रहा है और कभी भी बांधवगढ़ के पर्यटन जोन में भी दस्तक दे देता है. पार्क प्रबंधन ने पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर न सिर्फ हाथियों पर निगरानी बनाई हुई है बल्कि पर्यटक जोन में हाथियों के घुसते ही पर्यटन रोकने और पर्यटकों को पार्क के दूसरे सुरक्षित क्षेत्र में भ्रमण के इंतजाम करने में मुस्तैदी बनाए रखी है.
बहरहाल, इलाके में हाथियों की मौजूदगी बनी हुई है और प्रबंधन निगरानी में जुटा है, लेकिन ये सिलसिला जारी रहने से बाघों के साथ हाथियों की टकराहट जैसी नई समस्या से इंकार नहीं किया जा सकता. जबकि बांधवगढ़ पार्क के डिप्टी डायरेक्टर सिद्धार्थ गुप्ता ने कहा कि हम हाथियों पर निगरानी रखने के अलावा पर्यटकों का भी पूरा ख्याल रख रहे हैं.
