कासगंज पुलिस को है मृतक महिला का खौफ, शांतिभंग में किया चालान

कासगंज. उत्तर प्रदेश में योगी सरकार यूपी पुलिस (UP Police) को सुधारने के लिए कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन वो सुधरने का नाम ही नहीं ले रही है. ताजा मामला कासगंज में सामने आया है. जहां कासगंज पुलिस ने करीब 55 वर्षीय मृतक महिला के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर डाली. क्योंकि दरोगा को अब मृतक महिला से ही शांतिभंग करने का डर सताने लगा था. इसलिए दरोगा ने मृतक महिला सहित उसके पुत्र पर शांति की धाराओं में कार्रवाई की है, जबकि महिला की एक वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है.
पूरा मामला जनपद कासगंज कोतवाली सदर क्षेत्र की चौकी आवास विकास का है. जहां चौकी इंचार्ज छेदा लाल ने चौकी क्षेत्र में पड़ने वाले गांव गोरहा की रहने वाली 55 वर्षीय मृतक महिला गंगा देवी सहित उसके पति और पुत्र के खिलाफ शांतिभंग की धारा 107 /116 में कार्रवाई की है. जबकि गंगा देवी की एक वर्ष पूर्व ही मौत हो चुकी है. इस का खुलासा तब हुआ जब आवास विकास चौकी इंचार्ज ने इसकी चालानी रिपोर्ट एसडीएम सदर के यहां भेजी. एसडीएम ने तीनों के खिलाफ सम्मान जारी करते हुए नोटिस भेजा.
मृतक महिला का पुत्र एसडीएम सदर ललित कुमार से मिल कर उसने उनको अवगत कराया कि उसकी माँ की मौत तो एक वर्ष पूर्व ही हो चुकी है, उसके बाबजूद भी दरोगा ने हमारी मां के खिलाफ शांतिभंग की धारा में कार्रवाई कर दी है. एसडीएम सदर ललित कुमार ने बताया कि कोतवाली सदर क्षेत्र की चौकी आवास विकास के चौकी इंचार्ज ने गांव गोरहा में तीन लोगों के खिलाफ जमीनी विवाद को लेकर 107/ 116 के तहत चालान किया है. जिसमें गंगा देवी की एक साल पहले मौत हो चुकी है. इसलिए उन्होंने चौकी इंचार्ज छेदा लाल से लिखित में स्पष्टीकरण मांगा है.
