लूट और मारपीट के विरोध में बहरोड़ में व्यापारियों ने किया बाजार बंद, धरने पर बैठे

अलवर. जिले के बहरोड़ (Bahror) में गुरुवार की रात दो बदमाशों ने होटल संचालक से लूटपाट और मारपीट की. पूरी वारदात के सीसीटीवी कैमरे (Cctv cameras) में कैद होने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई. व्यापारियों (traders) ने पुलिस की कार्यशैली के विरोध में शुक्रवार को बहरोड़ में बाजार बंद (market closed) कर दिया और धरने पर बैठ गए हैं. बहरोड़ कस्बे के व्यापारियों ने बताया कि आए दिन बदमाश उन्हें परेशान करते हैं और मारपीट कर हर माह पैसा देने के लिए कहते हैं. इसे लेकर शुक्रवार की सुबह सभी व्यापारी बाजार के भैरवजी के मंदिर पर जमा हुए और मीटिंग की. इसके बाद बाजार बंद कर विरोध जताया.
थाना प्रभारी ने दिया बदमाशों को जल्द पकड़ने का आश्वासन
मामले की जानकारी लगते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सोलंकी मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से मिलकर जल्द से जल्द दोनों बदमाशों को पकड़ने का आश्वासन दिया. व्यापारियों ने थाना प्रभारी को बताया कि कस्बे में आए दिन बदमाश प्रवृति के लोग आते हैं और डरा धमका कर हर महीने जबरिया पैसे देने के लिए दबाव बनाते हैं.
गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे लगाने का मिला आश्वासन
इसके बाद थाना प्रभारी ने मुख्य बाजार के गश्त बढ़ाने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे लगवाने का आश्वासन दिया तब जाकर सभी व्यापारी मानें.
बहरोड़ में पपला कांड के बाद बदमाशों के हौसले बुलंद हैं और वे व्यापारियों से खुलेआम रंगदारी मांगते हैं. हर माह रुपए नहीं देने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देते हैं. इस तरह के दर्जनों मामले बहरोड़ में पहले भी सामने आ चुके हैं.
