मांगें नहीं मानी गई तो 2 दिसंबर से हड़ताल करेंगे रेजिडेंट डॉक्टर्स

जयपुर. प्रदेश भर में रेजिडेंट डॉक्टर्स (Resident Doctors) एक बार फिर रुठे हुए दिखाई दे रहे हैं. रेजिडेंट डॉक्टरों ने आज बांह पर काली पट्टी बांधकर काम करते हुए सरकार के रवैये के प्रति अपनी नाराजगी जताई. रेजिडेंट डॉक्टर्स ने आज पहले प्रदर्शन और फिर सुबह 9 बजे काली पट्टी बांधकर कार्य पर चले गए. जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (Jaipur Association of Resident Doctors) की जीबीएम में निर्णय लिया गया कि सरकार यदि 2 दिसंबर तक रेजिडेंट डॉक्टर्स की चारों मांगों पर सकारात्मक एक्शन नहीं लेती है तो 3 दिसंबर को सुबह 9 बजे से पूरे प्रदेश में
अनिश्चितकालीन हड़ताल (Indefinite Strike) की जाएगी.
संपूर्ण कार्य बहिष्कार की चेतावनी
जयपुर एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स के अध्यक्ष डॉ. अजित बागड़ा ने एसीएस रोहित कुमार सिंह पर उनसे मिलने गए प्रतिनिधिमंडल के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया. रेजिडेंट डॉक्टर्स एसीएस के बर्ताव से खफा दिखाई दिए, साथ ही रेजिडेंट डॉक्टर्स चार सूत्री मांगों को लेकर भी आंदोलनरत हैं. रेजिडेंट
डॉक्टर्स का कहना है कि आगामी 2 दिसंबर को उनकी चिकित्सा मंत्री के साथ बैठक होने वाली है. अगर इस बैठक में उनकी मांगें नहीं मानी जाएंगी तो वे संपूर्ण कार्य बहिष्कार करने को मजबूर हो जाएंगे. इसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी. उन्होंने कहा कि सरकार को मांगों पर विचार करने के लिए पर्याप्त समय दिया गया है.
बता दें कि रेजिडेंट डॉक्टर्स ने पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है. इसके अलावा आवास मुहैया कराने, आवास के अभाव में हाउस रेंट अलाउंस देने, पीजी और सुपर स्पेशलिटी की फीस को कम करने और सीनियर रेजिडेंटशिप के लिए 1 साल की सर्विस की अनिवार्यता को समाप्त करने की मांग की है.

Leave a Reply