ऋषभ के लिए अहम रहेगी वेस्टइंडीज सीरीज : लक्ष्मण

मुम्बई । विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ छह दिसंबर से शुरु हो रही सीरीज बेहद अहम है। इसमें उन्हें अपनी विकेटकीपिंग के साथ ही बेहतर बल्लेबाजी भी करनी होगी । अगर वह ऐसा नहीं करते तो उनके लिए टीम में अपना स्थान बरकरार रखना मुश्किल हो जाएगा। भारतीय टीम के पूर्व स्टायलिश बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने कहा कि टीम में संजू सैमसन का चुना जाना ऋषभ के लिए ‘कड़ा संदेश’ है कि प्रदर्शन करें या फिर टीम से बाहर होने के लिए तैयार रहे। लक्ष्मण ने कहा कि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ को टीम प्रबंधन ने जितना समय दिया है, उस दौरान उसे खरा उतरना होगा और अगर उन्होंने जल्द ही लय हासिल नहीं की तो सैमसन उनकी जगह ले सकते हैं।
लक्ष्मण ने कहा, ‘‘टीम प्रबंधन और चयन समिति ने सैमसन को टीम में शामिल कर कड़ा संदेश दिया है कि हमारे पास विकल्प मौजूद है। ऋषभ को काफी मौके मिले हैं और मुझे भरोसा है कि टीम प्रबंधन ने उससे बात की होगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘खिलाड़ी को टीम प्रबंधन और चयन समिति के भरोसे को सही साबित करना होता है।’’ पूर्व कलात्मक बल्लेबाज ने कहा, ‘‘ऋषभ उस भरोसे पर खरे नहीं उतर रहे हैं हालांकि उनके पास ‘एक्स’ फैक्टर है। मैं अब भी मानता हूं कि वह शानदार बल्लेबाज है जो मैदान में आने के बाद बड़े शाट खेलकर मैच का रूख मोड़ सकता है।’’ अभी कुछ समय पहले तक ऋषभ तीनों प्रारूपों में विकेटकीपर के तौर पर टीम की पहली पसंद थे लेकिन खराब फार्म के कारण टेस्ट टीम में उनकी जगह अनुभवी ऋद्धिमान साहा ने ले ली।
