भुवनेश्वर और राउरकेला में होंगे हॉकी विश्व कप मुकाबले

भुवनेश्वर । ओडिशा के भुवनेश्वर और राउरकेला शहर में 2023 एफआईएच हॉकी पुरुष विश्व कप का आयोजन होगा। भुवनेश्वर ने 2018 में भी विश्व कप की मेजबानी की थी। हॉकी इंडिया ने हाल ही में यहां एक कार्यक्रम में घोषणा की कि 2023 विश्व कप के आयोजन के लिए भुवनेश्वर और राउरकेला आयोजन स्थल होंगे। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने अंतररष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष डॉ नरेंद्र ध्रुव बत्रा की मौजूदगी में यह घोषणा की। भुवनेश्वर में राष्ट्रीय शिविर में ट्रेनिंग कर रही भारतीय हॉकी टीम इस अवसर पर मौजूद थी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि सुंदरगढ़ जिले के 17 ब्लॉक को सिंथेटिक पिचों से युक्त किया जाएगा और उन्होंने इन 17 पिचों के लिए आधारशिला भी रखी। हॉकी इंडिया ने भी इस अवसर पर हॉकी ग्रास रुट प्रोग्राम भी लांच किया। पिछले साल भी हॉकी विश्वकप उड़ीसा में ही हुआ था।
