महाराष्ट्र से इंदौर आकर वारदात करने वाला गैंग पकड़ाया, मुठभेड़ के बाद पकड़े गए बदमाश

इंदौर. पिछले दिनों इंदौर (Indore) के अन्नपूर्णा थाना इलाके के मंगलमूर्ति नगर में दो बदमाशों ने चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था. इलाके के मंगलमूर्ति नगर की निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत की थी कि जब वह एक कार्यक्रम के बाद घर लौटी तो चोरों ने उनके घर में रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया था. चोर नगदी, सोने चांदी के आभूषण और एफडी के कागजात लेकर भागे थे. खास बात ये थी कि महिला ने आरोपियों को स्विफ्ट कार (Swift Car) से भागते हुए देखा था. पुलिस ने गाड़ी की तलाश की तो पता चला कि चोर वारदात को अंजाम देने के बाद महाराष्ट्र गए हैं.
वारदात के लिए महाराष्ट्र से इंदौर आता है गैंग
पुलिस को मिली जानकारी के बाद अन्नपूर्णा थाना पुलिस के कई दल महाराष्ट्र में डेरा डाले हुए थे. पुलिस की जांच में पता चला कि कैलाश मोरे नामक आरोपी चोरों की एक गैंग को ऑपरेट करता है, जो इंदौर जाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं और वारदात के बाद महाराष्ट्र भाग आते हैं. पुलिस महाराष्ट्र से आरोपियों का पीछा कर रही थी, इसी दौरान आरोपी इंदौर आकर मानपुर थाना इलाके में लूट की वारदात के लिए रेकी कर रहे थे. पुलिस ने आरोपियों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपी पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने का प्रयास करने लगे. आरोपियों ने गोलियां भी चलाईं, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी कैलाश घायल हो गया. इस घटना में पुलिस के दो अफसर भी घायल हो गये. घायल कैलाश का अस्पताल में इलाज चल रहा है जबकि उसके साथी से पूछताछ जारी है.
SSP ने दी जानकारी
एसएसपी रुचिवर्धन मिश्र के मुताबिक महाराष्ट्र के गैंगस्टर का इंदौर पुलिस पीछा कर रही थी. आरोपी अन्नपूर्णा इलाके में चोरी की वारदात में वांटेड था. पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाईं, पुलिस ने जवाबी कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने चांदी के आभूषण, एक लाख चालीस हजार रुपये नगदी और 2 पिस्टल बरामद की है.
