दुर्ग के एक घर में चल रही थी शराब की अवैध फैक्ट्री, पुलिस ने मारा छापा
दुर्ग. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दुर्ग (Durg) जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस (Police) लगातार कार्रवाई का दावा कर रही है. इसके तहत ही दुर्ग पुलिस (Durg Police) ने बोरसी भाठा के एक मकान में छापामार कार्रवाई की. इस कार्रवाई में अवैध रूप से चल रही शराब फैक्ट्री (Wine factory) से करीब 40 लीटर शुद्ध स्प्रीट जब्त की गई. इसके अलावा 70 लीटर बनी हुई शराब भी जब्त की गई है. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को भी हिरासत में लिया है.
दुर्ग पुलिस (Durg Police) से मिली जानकारी के मुताबिक शराब की अवैध फैक्ट्री चलाने के मामले में तीन युवकों को हिरासत में लिया गया है, जिसमें एक बिहार के पटना का रहने वाला बताया जा रहा है. आरोपी बोरसी के पैराडाइज काॅलोनी में एक मकान को किराए में लेकर वहां पर शराब बनाने का कार्य कर रहे थे. बीते 11 दिसंबर को जब इनका एक साथी शहर में शराब बेचने का कार्य कर रहा था, तब उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ है.
बन सकती थी 75 लाख रुपये की शराब
दुर्ग के एएसपी रोहित झा ने बताया कि जो स्प्रीट जब्त की गई है, उससे करीब 75 लाख रुपये की शराब बनाई जा सकती है. पुलिस की रेड में हजारों की संख्या में शराब भरने के लिए बोतलें, डिग्री जांच करने के लिए थर्मामीटर, हाईडोमीटर, बोतल सील करने की मशीन के साथ ही कई सामान जब्त किए गए हैं. माना जा रहा है कि नगरीय निकाय चुनाव के दौरान मकान में बनाई जा रही इन्हीं शराब को खपाने की तैयारी की जा रही थी. फिलहाल पूरे मामले में पुलिस युवकों को हिरासत में लेकर जांच कर रही है.
