CCTV की मदद से पुलिस ने पकड़ा बड़ा चोर गिरोह, 14 वारदातों का खुलासा

जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर (Jabalpur) ज़िले की पुलिस की गिरफ्त में आए चोरों ने 3 थाना क्षेत्रों में चोरी की सीरियल वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी थी. पुलिस ने जब इन वारदातों की पड़ताल शुरू की तो सीसीटीवी कैमरों में कैद 3 युवकों की तस्वीरें मिलीं, जब पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाया तो 14 वारदातों का खुलासा हो गया. पुलिस गिरफ्त में आए शातिर चोरों से पुलिस ने करीब 15 लाख के सोने-चांदी के जेवर और अन्य कीमती सामान जब्त किए हैं वहीं डेढ़ लाख रूपए नगद बरामद किए गए हैं.

गढ़ा, विजयनगर और संजीवनी नगर इलाकों में की थी वारदातें

पुलिस अधीक्षक अमित सिंह ने गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बताया कि गढ़ा, विजयनगर और संजीवनी नगर थाना क्षेत्रों में इस गिरोह ने रेकी कर सूने घरों को शिकार बनाया था. कपिल आहुजा, धर्मेंद्र गोस्वामी और प्रतीक सिंह ने मिलकर ये वारदातें की हैं. ये सभी अपराधी बेहद शातिर हैं जो विभिन्न क्षेत्रों में रातों को घूम-घूमकर पहले रेकी करते थे फिर सूने घरों को चिन्हित कर खिड़की या ताले तोड़कर प्रवेश करते थे. इत्मीनान से घरों में तलाशी लेने के बाद कीमती चीजें लेकर फरार हो जाते थे और बाद में सामान को आपस में बांट लेते थे.

गश्त के दौरान संदेह के आधार पर पकड़े गए थे आरोपी

हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि ये तीनों मेडिकल क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे हैं, पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर जब इनके नाम-पता और रिकॉर्ड की जांच की तो ये पुराने अपराधी निकले. जिसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई तो इन्होंने अंजाम दी गई वारदातों का खुलासा किया. बहरहाल पुलिस को उम्मीद है कि इनके संपर्क में और भी अपराधी हो सकते हैं और कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है. इन आरोपियों को रिमांड पर लेकर इनसे और पूछताछ की जाएगी.

 

Leave a Reply