जामिया हिंसा में 10 लोग गिरफ्तार, एक भी छात्र नहीं, दोपहर में होगी पेशी
जामिया इस्लामिया के आसपास और जामिया नगर इलाके में सोमवार को दिनभर तनाव का माहौल रहा। प्रदर्शनकारी सुबह से ही सड़कों पर आ गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध जताने लगे। उधर, डीयू में भी प्रदर्शन हुआ और छात्रों व पुलिस में हल्की झड़प हुई। वहीं मंगलवार तड़के हिंसा फैलाने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जो छात्र नहीं हैं। आज भी दिल्ली से नोएडा आने जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है क्योंकि इस रूट पर कुछ रास्ते बंद कर दिए गए हैं।
गिरफ्तार लोगों की आज दोपहर होगी कोर्ट में पेशी
आज दोपहर में कोर्ट में पेश होंगे गिरफ्तार लोग। पुलिस का कहना है कि जल्द ही कुछ नई गिरफ्तारियां भी की जाएंगी। जिन दस लोगों की गिरफ्तारियां की गई हैं वह वीडियो फुटेज के आधार पर हैं।
दिल्ली से नोएडा जाने वाले यात्री अपनाएं ये रूट
मथुरा रोड होकर नोएडा जाने वाले यात्रियों के लिए यह एडवाइजरी जारी की गई है कि वह आश्रम चौक, डीएनडी या नोएडा लिंक रोड का इस्तेमाल करें। कालिंदी कुंज की ओर जाने वाला ओखला अंडरपास भी यातायात के लिए बंद है।
मथुरा रोड से कालिंदी कुंज जाने वाला रास्ता है बंद
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने प्रदर्शनों के चलते मथुरा रोड से कालिंदी कुंज जाने वाले रास्ते(रोड नं. 13A) यातायात के लिए बंद कर रखा है। नोएडा से आने वाले यात्रियों से निवेदन है कि वह दिल्ली आने के लिए डीएनडी या अक्षरधाम का इस्तेमाल करें।
जामिया हिंसा में 10 लोग गिरफ्तार, एक भी छात्र नहीं, दिल्ली-नोएडा यातायात रहेगा प्रभावित
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में दिल्ली के जामिया नगर इलाके में हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आपराधिक पृष्ठभूमि वाले 10 लोग गिरफ्तार किए हैं। मामले में किसी भी छात्र को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार इनकी गिरफ्तारी की है।
गौरतलब है कि जामिया इस्लामिया के आसपास और जामिया नगर इलाके में सोमवार को दिनभर तनाव का माहौल रहा। प्रदर्शनकारी सुबह से ही सड़कों पर आ गए और पुलिस कार्रवाई का विरोध जताने लगे। उधर, डीयू में भी प्रदर्शन हुआ और छात्रों व पुलिस में हल्की झड़प हुई।
पुलिस ने दोपहर व शाम को जामिया नगर समेत कई इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। इससे पहले लाठीचार्ज के विरोध में जामिया के छात्रों ने कड़ाके की ठंड में अर्धनग्न प्रदर्शन किया। जामिया हिंसा मामले में रविवार रात दो घायलों को सफदरजंग अस्पताल भर्ती कराया गया था।
इन्हें गोली लगी हुई है। इनमें से एक की पहचान जामिया में बीई अंतिम वर्ष के छात्र अहजाद के रूप में हुई है। इस बीच, पुलिस ने जामिया नगर हिंसा में अज्ञात लोगों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की है और मामले की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व ओखला से आप विधायक अमानतुल्लाह खान के खिलाफ दंगा भड़काने व माहौल खराब करने की शिकायत दी गई है।
