छात्र ने लिखा गलत जवाब तो भड़का शिक्षक, पहले बाल नोचे फिर दी गालियां
बैतूल. पांचवी के एक छात्र ने लिखने में कुछ गलती की. इस बात से नाराज हुए शिक्षक ने छात्र के बाल नोच दिए और उसे गालियां भी दीं. बाद में जब यह बात छात्र के परिजनों को पता चली तोवे दौड़े-दौड़े शिक्षक के पास पहुंचे. लेकिन शिक्षक ने बात को रफा दफा कर दिया. जिसके बाद परिजन कलक्टर के पास पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई. इसके बाद जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग को तत्काल जांच के आदेश दिए.
रोता हुआ घर पहुंचा छात्र
जानकारी के अनुसार बैतूल के कोलगांव स्थित प्राइमरी स्कूल में पढ़ने वाले पांचवीं के एक छात्र से लिखने में कुछ गलती हो गई. जिसके बाद हिंदी शिक्षक चिन्ध्या डांगे ने इस छात्र के सिर से बाल ही नोच दिए और छात्र को गालियां दीं. छात्र दर्द से रोता हुआ घर पहुंचा और अपनी मां को शिक्षक की हरकत बताई. परिवार के लोग फौरन शिक्षक चिन्ध्या डांगे से बात करने पहुंचे तो शिक्षक ने माफी मांगकर मामला रफा दफा करने की हिदायत दे दी.
जांच का आदेश
शिक्षक के रवैये से परेशान होकर छात्र के परिजन तत्काल बैतूल आए और यहां पहुंचकर कलक्टर और शिक्षा विभाग में शिकायत दर्ज कराई. विभाग ने तत्काल मामले की जांच का आदेश जारी किया. विभाग ये भी जांच करेगा कि कहीं शिक्षक का मानसिक संतुलन तो नहीं बिगड़ा है. इस घटना के बाद से छात्र सहमा हुआ है.
