हमारी जागरूकता ही कैंसर का प्रथमोपचार  है : डा. आयुश श्रीवास्तव 

बैतूल। हमें आज विश्व कैंसर दिवस नहीं बल्कि विश्व कैंसर जागरूकता दिवस मनाना चाहिये यह बात आज विश्व कैंसर दिवस पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी जितेन्द्र कपूर ने कही। उनका मानना है कि जनजागृति से ही कैंसर जैसी भयानक बीमारी से बचा जा सकता है। मंगलवार 04 फरवरी को  “आओ बात करें – कैंसर दूर करें ” विषयगत संवाद का आयोजन सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया, जिसमें शहर के प्रतिष्ठित, विद्वानों द्वारा कैंसर के बारे में विद्यार्थियों को अवगत कराते हुए जनजागृति हेतु मार्गदर्शन कराया गया । सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जितेन्द्र कपूर, विशिष्ट अतिथि डा. आयुश श्रीवास्तव, समाजसेवी, युवा उद्यमी धीरज हिराणी एवम् पत्रकार नवल वर्मा उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर सर्वप्रथम डॉक्टर आयुश श्रीवास्तव द्वारा कैंसर के प्रकार, अनुवांशिक कैंसर, रक्त कैंसर, स्तन कैंसर इत्यादि पर विस्तृत रूप चर्चा की । इसके साथ ही विद्यार्थियों को “पीयर प्रेशर” से बचने की सलाह दी गई । कैंसर के लक्षण एवं बचाव के प्रति  छात्र-छात्राओं को अवगत कराया गया । संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि आपकी ओर से जनजागरूकता और थोड़ी सी सावधानी से कैंसर जैसे रोग से बचा भी जा सकता है। अतिथियों द्वारा अपने संवाद में बताया गया कि कैंसर भले ही एक गंभीर बीमारी है लेकिन लाइलाज नहीं है। यदि समय रहते शरीर में कैंसर का पता लगा लिया जाए तो इसका उपचार संभव है हम डरें नहीं यदि शुरुआती लक्षण दिखाई दे तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेते हुए हम इसका इलाज करवा सकते हैं । कैंसर से बचाव का सबसे आसान तरीका है हम जितना जागरूक होकर नियमित व्यायाम, स्पोर्टस्, साइकलिंग, नित्य योग करेंगे जिससे हमारे शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी। जो कि हमें स्वस्थ रहने के साथ-साथ कैंसर जैसी महामारी से भी बचने मे सहायक होगा ।
विद्यार्थियों द्वारा भी संवाद में जब पूछा गया कि बिना व्यसन के भी कैंसर से पीडि़त मरीज पाए जा रहे है इसका उपस्थित डाक्टर सहित समस्त अतिथियों द्वारा सहज और संतुष्टिजनक उत्तर दिया गया, जिसमें कहा गया कि कैंसर अनुवांशिक हो सकता है या हम ऐसे पदार्थो का सेवन करते है जो कि खाद्य पदार्थ के माध्यम से हमारे शरीर के अंदर पहुँचती है। इसके साथ ही अन्य जिज्ञासु छात्र-छात्राओं ने संवाद में अपने-अपने प्रश्न भी किये जिनका समाधान भी उन्हें उचित मार्गदर्शन प्रदान कर किया गया जिससे उनकी जिज्ञासा शांत हुई ।
संवाद में उपस्थित समस्त अतिथियों का संस्था प्राचार्य प्रकाश घोटे द्वारा आभार प्रकट किया गया।

Leave a Reply