अग्रवाल समाज के सामूहिक विवाह में शामिल युगल लेंगे स्वच्छता और पर्यावरण बचाने के संकल्प 

इन्दौर । अग्रसेन महासभा के तत्वावधान में 29 फरवरी एवं एक मार्च को महासभा के बायपास रोड स्थित अग्रसेन मांगलिक भवन पर सामूहिक विवाह का दो दिवसीय आयोजन किया जाएगा। ब्रहम्ऋषि उत्तम स्वामी महाराज के सान्निध्य में राज्य के गृह मंत्री बाला बच्चन इस महोत्सव के मुख्य अतिथि होंगे। अब तक छह युगलों के पंजीयन हो चुके हैं। इस सामूहिक विवाह में शामिल होने वाले युगलों को गृहस्थी योग्य आकर्षक उपहार भी दिए जाएंगे। महोत्सव का शुभारंभ शनिवार 29 फरवरी को सांय 7.30 बजे से महिला संगीत के साथ होगा। रविवार एक मार्च को सभी युगल शहर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जूठन नहीं छोड़ने का संकल्प भी लेंगे। आज इस महोत्सव का पहला न्यौता खजराना गणेश एवं कुलदेवी महालक्ष्मी को समर्पित किया गया।
आयोजन के प्रमुख संयोजक राजेश अग्रवाल एवं अरूण आष्टावाले ने बताया कि महासभा द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले इस महोत्सव में इस बार भी 21 युगलों के सामूहिक विवाह का संकल्प किया गया है। इनमें से अब तक 6 युगलों के पंजीयन हो चुके हैं। महासभा के प्रमुख सदस्यों की ओर से इस विवाह में शामिल होने वाले युगलों को 40 से अधिक उपहार भेंट किए जाएंगे ताकि वे गृहस्थी की गाड़ी को निर्बाध रूप से चला सकें। महासभा के अध्यक्ष पवन सिंघल क्रेन एवं सचिव श्याम गोयल, स्वागताध्यक्ष प्रेमचंद गोयल, मोहनलाल बंसल एवं मीडिया प्रभारी अजय आलूवाले ने बताया कि नवयुगलों को दिए जाने वाले उपहारों में सिलाई मशीन, कूलर, कुकर, पंखा, बिछुड़ी, पायजेब, सूट, लहंगा-चुनरी, बर्तनों का सेट, अलमारी, प्रेस, पलंग, रजाई-गादी एवं गृहस्थी की गाड़ी चलाने योग्य उपहार शामिल हैं। समाजसेवी टीकमचंद गर्ग, विष्णु बिंदल एवं अन्य सदस्यों के मार्गदर्शन में विवाह महोत्सव की व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। महोत्सव का पहला निमंत्रण आज खजराना गणेश एवं कुलदेवी महालक्ष्मी को समर्पित किया गया। इस अवसर पर प्रमुख संयोजक राजेश अग्रवाल, अरूण आष्टावाले, मोहनलाल बंसल, अजय आलूवाले सहित महासभा के पदाधिकारी उपस्थित थे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 फरवरी को महिला संगीत एवं रविवार एक मार्च को सुबह 9 से 11 बजे तक गणेश पूजन, साकड़ी राखी, चाक पूजन, सांय 4.30 बजे दोनों पक्षों का सामेला, 5 बजे बारात चल समारोह, सांय 6 बजे तोरण, 7 बजे वरमाला एवं आशीर्वचन तथा रात 8.30 बजे पाणिग्रहण संस्कार के पश्चात रात 11 बजे विदाई समारोह होगा। सभी आयोजन बायपास स्थित अग्रसेन महासभा भवन पर होंगे।

Leave a Reply